वीआर और एआर
वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) दो सबसे आशाजनक तकनीकें हैं, जिनकी मांग दुनिया में सर्वाधिक है। गेमिंग और मनोरंजन क्षेत्रों से लेकर 3डी मॉडलिंग और सोशल नेटवर्किंग तक, एआर और वीआर हर जगह अपनी जगह बना रहे हैं। यूआई और यूएक्स डिजाइनर इंजीनियर, वीआर गेम इंजीनियर, वर्चुअल रियलिटी डिजाइनर आदि के रूप में आप अपना कॅरिअर बना सकते हैं।
कंप्यूटर फोरेंसिक
कंप्यूटर फोरेंसिक विशेषज्ञ का कार्य डिजिटल साक्ष्य ढूंढना और तैयार करना है, जिसका उपयोग किसी भी अदालती कार्यवाही, परीक्षण और आपराधिक जांच में किया जा सकता है। कंप्यूटर फोरेंसिक के क्षेत्र में जाने के लिए कंप्यूटर विज्ञान, साइबर सुरक्षा, आपराधिक न्याय या अन्य क्षेत्रों में स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। कंप्यूटर फोरेंसिक से संबंधित कई ग्लोबल इंफॉर्मेशन एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (जीआईएसी) कोर्स हैं, जिसे आप निजी संगठनों और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी जैसी सरकारी संस्थाओं से कर सकते हैं। इसके बाद विभिन्न शोध संस्थानों, सीबीआई, एनआईए आदि सरकारी विभागों में नौकरी के रास्ते खुल जाते हैं।
एनएलपी इंजीनियर
एनएलपी इंजीनियर मशीनों को मानव भाषा की पहचान करने, व्याख्या करने और उत्पन्न करने में बनाते होते हैं। इस क्षेत्र में जाने के लिए आपके पास इंजीनियरिंग, डाटा साइंस या कंप्यूटर साइंस जैसे क्षेत्र में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। एनएलपी इंजीनियर बनकर आप अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, आईबीएम जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी कर सकते हैं।
फिनटेक
फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी या फिनटेक शब्द का उपयोग आर्थिक क्षेत्र में विकसित की जा रही नई तकनीकों के लिए किया जाता है। इसमें पारंपरिक बैंकिंग सेवाओं में नई और तेज सेवाएं प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है। फिनटेक पेशेवर वित्त उद्योग को नया आकार देने के लिए डिजिटल भुगतान, ब्लॉकचेन और वित्तीय विश्लेषण में नवाचार करते हैं। आप एक्सेंचर, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज आदि में वेब डेवलपर, ब्लॉकचेन डेवलपर और एनालिस्ट के रूप में कॅरिअर बना सकते हैं।