विफलता पाने के बाद भी कामयाबी की तरफ कदम नहीं डगमगाए। अपनी कोशिश जारी रखते हुए सफलता हासिल की, कुछ इसी तरह की कहानी है भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी कनिष्का सिंह की जिंदगी की। उन्होंने दूसरे प्रयास में वर्ष 2018 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को उत्तीर्ण की थी। मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली कनिष्का सिंह अब रूस की राजधानी मॉस्को में भारतीय दूतावास में काम कर रही हैं।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के लेडी श्रीराम कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की है। उन्होंने पहली बार वर्ष 2017 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी थी। हालांकि, उसमें वह विफल रहीं थीं। वर्ष 2018 में अपने दूसरे प्रयास में वह सफल रहीं। उन्होंने अपने पहले प्रयास में की गई गलतियों से सीखते हुए सफलता पाई। कनिष्का सिंह ने आईएएस अधिकारी अनमोल सागर से शादी की है।