मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, स्कूलों को बच्चों की ज्यादा से ज्यादा शारीरिक व खेलकूद की गतिविधियां ऐसी खुली जगहों पर करानी है जहां धूप मिले। इससे विटामिन डी की कमी से होने वाली रिकेट्स समेत अन्य बीमारियों पर काबू पाया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में तो ये नियम लागू करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। राज्य के स्कूलों में अब सुबह की प्रार्थना सभा से लेकर सभी गैर-शैक्षणिक और खेलकूद की गतिविधियां खुले आसमान के नीचे कराई जाएंगी। यहां अब आउटडोर गेम्स पर ज्यादा फोकस रहेगा।
बेसिक एजुकेशन की एडिशनल डायरेक्टर ललिता प्रदीप के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में तो पहले से ही ये किया जा रहा है। लेकिन अब शहरी इलाकों में भी निर्देशानुसार नियम लागू होंगे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को अपने स्कूलों में 'सन एक्पोजर प्रोग्राम्स' को प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। इस कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में जागरूकता के लिए विशेष लेक्चर्स का भी आयोजन किया जाएगा।
गौरलतब है कि बच्चों के विकास के क्रम में विटामिन डी बेहद जरूरी है। ये उनकी हड्डियों के विकास में भी मदद करता है। इसकी कमी रिकेट्स जैसी बीमारियों को न्योता देती है, जो बच्चों के शारीरिक विकास में हमेशा के लिए बाधा उत्पन्न कर सकती है।
ये भी पढ़ेंः भारत और यहां की महिलाओं के लिए खास है 21 जुलाई का दिन, जानें कारण