देखें परिणाम का ओवरव्यू
NEET UG 2022 परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई, 2022 को किया गया था। परीक्षा देश और विदेश के विभिन्न स्थानों पर निर्धारित 500 से अधिक शहरों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में 18 लाख 72 हजार 343 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 17 लाख 64 हजार 571 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा देने वालों में 10 लाख 01 हजार 15 छात्राएं तथा 07 लाख 63 हजार 545 छात्र शामिल हैं। इनमें से कुल 09 लाख 93 हजार 69 विद्यार्थियों को काउंसलिंग के लिए योग्य घोषित किया गया है।
यूपी, महाराष्ट्र और राजस्थान का दबदबा
NEET UG 2022 परीक्षा के परिणाम में उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। यूपी के 2,19197 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। इनमें से 1,17316 छात्रों ने परीक्षा में सफलता अर्जित की है। महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर रहा है। यहां के 2,44903 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था और 1,13812 सफल हुए हैं। वहीं, राजस्थान के 1,17099 छात्रों ने नीट परीक्षा दी थी। इनमें से 82,548 छात्रों ने सफलता हासिल की है।
क्या होगी आगे की प्रक्रिया?
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी की एमसीसी की ओर से सबसे पहले मेडिकल कॉलेजों के अखिल भारतीय कोटा की 15 फीसदी सीटों के लिए काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। कुल चार राउंड में काउंसलिंग कराई जाएगी। ये हैं- राउंड-1, राउंड-2, स्ट्रे वैकेंसी और मॉपअप राउंड। अब तक काउंसलिंग का आधिकारिक शेड्यूल नहीं जारी किया गया है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि काउंसलिंग सितंबर और अक्तूबर महीने में ही आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार किसी भी नई जानकारी या अपडेट के लिए MCC की आधिकारिक वेबसाइट www.mcc.nic.in पर नजर बना कर रखें।