राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए ने नीट यूजी 2021 का परिणाम जारी कर दिया है। तेलंगाना के मृणल कुट्टेरी, दिल्ली के तन्मय गुप्ता और महाराष्ट्र के कार्तिक जी नायर ने इस परीक्षा में टॉप किया है। इन तीनों को एक समान ही 720 अंक प्राप्त हुए हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया में इनके बीच टाई ब्रेक फॉर्मूले को इस्तेमाल किया जाएगा। 15 उम्मीदवारों का परिणाम गलत कार्यों में सम्मिलित होने के कारण कैंसिल कर दिया गया है।
नीट यूजी परीक्षा परिणामों को नीट के आधिकारिक वेबसाइट
neet.nta.nic.in पर जारी किया गया है। उम्मीदवार इस पर जाकर नीट यूजी 2021 के परिणामों को देख सकते हैं। नीट यूजी परिणामों को 15अक्तूबर 2021 को जारी किए गए अंतिम उत्तर कुंजी पर उम्मीदवारों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों की समीक्षा के बाद जारी किया गया है।
अब काउंसलिंग की प्रक्रिया होगी
परिणाम की घोषणा के बाद अब विभिन्न कॉलेजों के द्वारा कट-ऑफ लिस्ट कटऑफ सूची जारी की जाएगी, इसके आधार पर एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परिणामों के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस समेत अन्य मेडिकल यूजी कोर्सेज़ में एडमिशन के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नीट काउंसलिंग दो तरीकों से आयोजित की जाएगी। एक 15 फीसदी ऑल इंडिया कोटा (एआईक्यू) और दूसरी राज्यों के द्वारा तैयार की गई मेरिट लिस्ट के आधार पर। ऑल इंडिया कोटे के तहत आने वाली 15 फीसद सीटों में ओबीसी वर्ग के लिए 27 फीसदी, एससी वर्ग के लिए 15 फीसदी, ईडब्ल्यूएस के लिए 10 फीसदी, एसटी वर्ग के लिए 7.5 फीसदी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 5 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
सफल उम्मीदवारों को करवाना होगा पंजीयन
काउंसलिंग प्रक्रिया मे हिस्सा लेने के लिए परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अपना पंजीयन करवाना होगा। इसके बाद उन्हें अपनी पसंद के क़ॉलेज और पाठ्यक्रमों का चुनाव करना होगा। विभिन्न कॉलेजों के द्वारा कटऑफ सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद नीट 2021 परीक्षा में प्राप्त अंकों, आरक्षण के मानदंडों और उम्मीदवारों के चुनाव के आधार पर कॉलेज और सीटें आवंटित की जाएंगी।
देशभर के विभिन्न कॉलेजों में मिलेंगे एडमिशन
नीट यूजी 2021 परीक्षा परिणामों के आधार पर उम्मीदवारों को देशभर के विभिन्न कॉलेजों में मेडिकल की 83075 सीट, डेंटल की 26949 सीट, आयुष की 52720 सीट और वेटरनरी के 603 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा। ऑल इंडिया कोटा (एआईक्यू) काउंसलिंग का आयोजन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के द्वारा किया जाता है। इसके लिए एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर सूचना जारी की जाएगी। वहीं राज्य कोटा के तहत नीट यूजी काउंसलिंग की बात करें तो हर राज्य की अपनी एक अलग वेबसाइट है। उम्मीदवारों को एडमिशन के लिए इन वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन करना होगा।
दस्तावेज कर लें तैयार
उम्मीदवार काउंसलिंग प्रक्रिया से पहले ही अपने नीट 2021 परीक्षा का एडमिट कार्ड, नीट 2021 परिणाम, 10वीं और 12वीं का प्रमाण, फोटो पहचान पत्र, फटो, जाति प्रमाण पत्र (अगर जरूरी हो तब), दिव्यांगता प्रमाण पत्र (अगर जरूरी हो तब) को तैयार कर के रख लें।