राष्ट्रीय परिक्षण एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूपी 2021 के परीक्षा पैटर्न में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पहले के परीक्षा पैटर्न के अनुसार, परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान (वनस्पति विज्ञान और प्राणीशास्त्र) से 180 प्रश्न पूछे जाते थे। इन ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल का जवाब बॉलपॉइंट पेन का उपयोग करके विशेष रूप से डिज़ाइन की गई मशीन-ग्रेडेबल शीट पर दिया जाना था। किंतु इस बार नीट (यूजी)-2021 के परीक्षा पैटर्न में दो खंड शामिल कर दिए गए हैं। प्रत्येक विषय में दो खंड होंगे। सेक्शन ए में 35 प्रश्न होंगे और सेक्शन बी में 15 प्रश्न होंगे। इन 15 प्रश्नों में से, अभ्यर्थियों को किसी भी 10 प्रश्नों को जवाब देना होगा।
एनटीए ने अपने आधिकारिक अधिसूचना में कहा है कि विभिन्न स्कूल शिक्षा बोर्डों द्वारा कोरोना महामारी की वजह से पाठ्यक्रम घटा दिया था। इसे ध्यान में रखते हुए एनटीए ने चार विषयों में से प्रत्येक के लिए खंड बी में विकल्प प्रदान करने का निर्णय लिया है।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होने के लिए अभ्यर्थी की आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नीट-यूजी 2021 के लिए पंजीकरण करने के लिए, अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा यूजी मेडिकल पाठ्यक्रमों के पहले वर्ष में प्रवेश के दौरान यानी 31 दिसंबर या उससे पहले अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 17 वर्ष हो जानी चाहिए। नीट (यूजी) के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष होनी चाहिए। एससी/ एसटी/ ओबीसी-एनसीएल और पीडब्ल्यूडी वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी गई है।
नीट यूजी 2021 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 13 जुलाई से 6 अगस्त तक जारी रहेगी। एडमिट कार्ड परीक्षा के आयोजन से तीन दिन पहले जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी 8 अगस्त से 12 अगस्त तक अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। क्रेडिट/डेबिट कार्ड/नेटबैंकिंग/यूपीआई/पेटीएम वॉलेट के माध्यम से 7 अगस्त तक शुल्क जमा किया जा सकता है। नीट यूजी की परीक्षा 12 सितंबर को आयोजित की जाएगी।