देश भर के लाखों उम्मीदवार नीट 2021 के परिणामों के जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में परिणामों की घोषणा कर सकता है। हालांकि एनटीए की ओर से अभी तक इसके लिए कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
एनटीए द्वारा नीट परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद उम्मीदवार अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि एनटीए जल्द ही नीट 2021 परीक्षा परिणाम की तारीखों का ऐलान कर सकता है। एनटीए ने हाल ही में 15 अक्तूबर को परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की थी, इसपर आपत्ति दर्ज कराने की आखिरी तारीख 17 अक्तूबर 2021 रखी गई थी।
नीट 2021 प्रवेश परीक्षा परिणाम कैसे चेक करें ?
उम्मीदवार नीचे दिए गए निर्देशों का पालन कर के परिणामों को देख सकते हैं।
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
2. होमपेज पर दिखाई दे रहे NEET-UG Results 2021 के लिंक पर क्लिक करें।
3. आप एक नए पेज पर पहुंच जाएंगे।
4. मांगी जा रही जानकारियों को भरे और सबमिट के बटन पर क्लिक करें।
5. आपके सामने स्क्रीन पर आपका परिणाम आ जाएगा।
6. इसे चेक कर लें और आगे की जरूरत के लिए प्रिंट निकलवा लें।
नीट के परिणामों के साथ ही ऑल इंडिया टॉपर्स की सूची भी जारी की जाएगी। परिणाम के आधार पर उम्मीदवारों को केंद्रीय और राज्य स्तर के कॉलेजों में स्नतक के पाठ्यक्रमों में एडमिशन दिया जाएगा।
नीट 2021 काउंसलिंग प्रक्रिया
जो भी उम्मीदवार नीट प्रवेश परीक्षा पास करेंगे, वह काउंसलिंग की प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। मेडिकल काउंसलिंग कमीटी (एमसीसी) ऑल इंडिया कोटा एमबीबीएस और बीडीएस काउंसलिंग का आयोजन करेगी। नीट-यूजी काउंसलिंग 2021 का आयोजन एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष, बीवीएससी और एएच और बीएससी नर्सिंग के पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए किया जाएगा।
खबरों की माने तो नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नीट 2021 के परिणाम और फाइनल उत्तर कुंजी एक साथ ही जारी करेगा। नीट 2021 प्रवेश परीक्षा 12 सितंबर 2021 को ऑफलाइन मोड में 3800 से अधिक सेंटरों पर आयोजित की गई थी।