23 जून को होगी परीक्षा
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने आज सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 1,563 उम्मीदवारों को ग्रेस मार्क्स दिए गए थे, जिनके स्कोरकार्ड रद्द कर दिए जाएंगे। इन उम्मीदवारों के पास पुनः परीक्षा में शामिल होने का विकल्प होगा। दोबारा लिए गए टेस्ट के नतीजे 30 जून को घोषित किए जाएंगे।
केंद्र ने आज सुप्रीम कोर्ट को बताया, "आरोपों की जांच के लिए 10, 11 और 12 जून को एक समिति की बैठक हुई थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर, प्रभावित उम्मीदवारों के स्कोरकार्ड रद्द कर दिए जाएंगे और इन छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।"
सुप्रीम कोर्ट ने NEET-UG 2024 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया को न रोकने के अपने फैसले की फिर से पुष्टि की। शीर्ष अदालत ने कहा, "काउंसलिंग निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी और इसमें कोई रुकावट नहीं होगी। अगर परीक्षा जारी रहती है, तो बाकी सब भी जारी रहेगा, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।"
केंद्र ने कहा कि एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 6 जुलाई से शुरू होगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पालन के क्रम में ही एनटीए ने नोटिस जारी किया है।