MP Board: एनसीईआरटी ने पिछले दिनों पाठ्यक्रम में कुछ बदलाव किया है। इसके बाद अब मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा केंद्र ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रदेश की सभी शासकीय विद्यालयों, मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों और अनुदान प्राप्त विद्यालयों और मदरसों में कक्षा 5 और कक्षा 8 की परीक्षा के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए दिशा-निर्देश के अनुसार अब से परीक्षा एनसीईआरटी के तय किए गए पाठ्यक्रम और किताबों के आधार पर ही आयोजित की जाएगी। सभी जिलाधिकारी को भी इस नियम को सख्ती से लागू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
नए दिशा-निर्देश के अनुसार परीक्षा परिणाम के लिए अधिभार अंक मिलेंगे। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए 20 अधिभार अंक, वार्षिक लिखित परीक्षा के लिए 60 अधिभार अंक और वार्षिक परीक्षा प्रोजेक्ट के लिए 20 अंक तय किए गए हैं। निर्देशानुसार सभी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन राज्य शिक्षा द्वारा निर्धारित किए गए पाठ्यक्रम और किताबों के आधार पर ही किया जाएगा। प्रश्नपत्र उन्हीं के आधार पर तैयार कराए जाएंगे।
सरकारी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र राज्य स्तर से तैयार कराए जाएंगे। वहीं अशासकीय विद्यालय निर्धारित नियम और निर्देशानुसार स्वयं प्रश्नपत्र तैयार करवाएंगे। वहीं वार्षिक परीक्षा के लिए सभी विद्यालयों के लिए कक्षा 5 और 8 के प्रश्नपत्र विषयवार, कक्षावार राज्य शिक्षा केंद्र स्तर पर तैयार कराए जाएंगे। वही विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा संबंधित अन्य अपडेट आधिकारिक वेबसाइट https://educationportal.mp.gov.in/ पर देख सकते हैं।