MEA spokesperson Arindam Bagchi
- फोटो : वीडियो स्क्रीनग्रैब@ANI
नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को लोगों से विदेशी नौकरियों के लिए आवेदन करते समय पंजीकृत भर्ती एजेंटों (आरए) की सुरक्षित और कानूनी सेवाओं का उपयोग करने का आग्रह किया है, जिससे कि उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। विदेशी नौकरी चाहने वालों के साथ अपंजीकृत भर्ती एजेंटों द्वारा धोखा दिए जाने के मामले में भारी वृद्धि हुई है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि यह देखा गया है कि विदेशी नौकरी चाहने वालों की संख्या में अपंजीकृत भर्ती एजेंटों द्वारा फर्जी नौकरी की पेशकश के माध्यम से धोखाधड़ी करने और 2-5 लाख रुपये की अधिक वसूली करने की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। ये अवैध एजेंट बिना विदेश मंत्रालय से लाइसेंस प्राप्त किए काम करते हैं।
ये एजेंट फेसबुक, व्हाट्सएप, टेक्स्ट मैसेज और ऐसे अन्य माध्यमों सहित विभिन्न सोशल मीडिया साइटों के माध्यम से काम करते हैं और अपने ठिकाने और संपर्कों के बारे में बहुत कम या कोई विवरण नहीं देते हैं। वे आम तौर पर केवल व्हाट्सएप के माध्यम से संवाद करते हैं, जिससे कॉल करने वाले के स्थान और पहचान और नौकरी की पेशकश की वास्तविकता का पता लगाना मुश्किल हो जाता है।
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ऐसे एजेंट श्रमिकों को कठिन और जीवन-घातक परिस्थितियों में काम करने के लिए भी लालच देते हैं। कई पूर्वी यूरोपीय देशों, कुछ खाड़ी देशों, मध्य एशियाई देशों, कनाडा, म्यांमार और लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक, इस्त्राइल में काम के लिए भर्ती के लिए ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।