दस राज्यों ने करीब 11 महीनों के बाद फरवरी में स्कूल खोल दिए हैं। इसके अलावा अन्य राज्य भी बोर्ड परीक्षाओं के लिए स्कूल खोलने की तैयारी कर रहे हैं। राज्यों ने स्कूल खोलने की इजाजत दे दी है पर 67 फीसदी अभिभावक अभी भी दो महीने तक स्कूल न खोलने के पक्ष में हैं।
उनका मानना है कि अभी संक्रमण का खतरा है, इसलिए अप्रैल तक स्कूल खोलने का इंतजार करना चाहिए। वहीं 32 फीसदी अभिभावकों का मानना है कि स्कूल जून-जुलाई में खोले जाने चाहिए।
वैश्विक महामारी कोविड-19 संक्रमण के चलते मध्य मार्च से बंद स्कूलों को फरवरी में खोलना शुरू कर दिया गया है। इसी को लेकर शिक्षा पर काम करने वाली लोकल सर्कल ने देशभर में ऑनलाइन अभिभावकों से स्कूल खोलने पर राय ली। इस सर्वे में फिलहाल अभिभावक स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं हैं। लोकल सर्कल ने 24 राज्यों में 294 जिलों में अभिभावकों पर सर्वे में राय ली है।
महज 19 फीसदी अभिभावकों ने कहा, ऑनलाइन क्लास बेहतर
कोरोना के चलते स्कूल बंद होने से पिछले 11 महीनों से छात्र घर में रहकर ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं। महज 11 फीसदी अभिभावकों ने ऑनलाइन क्लास से छात्रों को फायदा हुआ है। जबकि 79 फीसदी ने कहा ऑनलाइन की बजाय पारंपरिक यानी स्कूल में जाकर ऑफलाइन पढ़ाई ही बेहतर थी।