कर्नाटक माध्यमिक शिक्षा परीक्षा बोर्ड (केएसईईबी) आज यानी कि सोमवार को दसवीं कक्षा का रिजल्ट जारी करेगा। बोर्ड दोपहर साढ़े तीन बजे दसवीं कक्षा का रिजल्ट घोषित करेगा। बोर्ड की तरफ से आधिकारिक वेबसाइट kseeb.kar.nic.in और karresults.nic.in पर दसवीं का रिजल्ट जारी किया जाएगा। छात्र अपने रोल नंबर और जन्मतिथि के जरिए बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए परिणाम चेक कर सकेंगे।
आपको बता दें कि बोर्ड ने दसवीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन कोरोना महामारी के दौरान ही कराया था। बोर्ड द्वारा कई बार दसवीं की परीक्षाओं को स्थगित करने के बाद आखिर में 19 जुलाई से लेकर 22 जुलाई के बीच 10वीं की परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। ये परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित हुई थी। परीक्षाओं के दौरान कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया था। इस साल करीब 8 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए पंजीकरण किया था।
कर्नाटक एसएसएलसी ऑफलाइन परीक्षा के लिए नामांकित कुल उम्मीदवारों में से कम से कम 99.6 प्रतिशत परीक्षाओं में उपस्थित हुए थे। यह देखा गया कि पिछले वर्ष की उपस्थिति की तुलना में इस बार प्रति विषय छात्रों की उपस्थिति में सुधार हुआ है, जो गणित के लिए 98.30, विज्ञान के लिए 98.36 और सामाजिक विज्ञान के लिए 98.43 प्रतिशत रही थी। साल 2020 में राज्य में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 71.80 फीसदी दर्ज किया गया था।
ऐसे देख सकेंगे दसवीं कक्षा का परिणाम
-सबसे पहले कर्नाटक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
-बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट karresults.nic.in है।
-यहां होम पेज पर ही आपको 10वीं कक्षा के रिजल्ट का लिंक मिलेगा।
-जिस पर क्लिक करने के बाद आपको अपना विवरण दर्ज करना होगा।
-इसके बाद आपका रिजल्ट खुल जाएगा जिसे आप डाउनलोड कर सकते हैं