पिछले महीने की शुरुआत में, इस मामले से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को सूचित किया था कि जेईई मेन 2021 के लंबित सत्र जुलाई या अगस्त के अंत में आयोजित किए जाने की संभावना है, जिसमें दो परीक्षाओं के बीच 14 दिनों का अंतर होगा। वहीं नीट सितंबर तक स्थगित होने की संभावना है। हालांकि, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।
बता दें कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से, छात्रों को उनके स्कोर में सुधार करने का मौका देने के लिए जेईई-मेन्स वर्ष में चार बार आयोजित करने का फैसला लिया गया था। फरवरी में पहले और मार्च में दूसरे चरण की परीक्षा हुई। लेकिन अप्रैल और मई में होने वाली तीसरे और चौथे चरण की परीक्षा देश में महामारी की दूसरी लहर की वजह से स्थगित कर दी गई थी। प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जेईई-एडवांस की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया था। यह परीक्षा 3 जुलाई को होनी थी। वहीं 1 अगस्त को आयोजित होने वाली नीट यूपी 2021 को भी स्थगित करने की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि अभी तक आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।