IIMC: भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) को विशिष्ट श्रेणी के तहत डीम्ड-टू-बी-यूनिवर्सिटी घोषित किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि डीम्ड विश्वविद्यालय को केवल डिप्लोमा के बजाय डिग्री प्रदान करने का अधिकार दिया गया है। यह घोषणा आईआईएमसी नई दिल्ली और जम्मू (जम्मू और कश्मीर), अमरावती (महाराष्ट्र), आइजोल (मिजोरम),कोट्टायम (केरल), और ढेंकनाल (ओडिशा) में स्थित इसके पांच क्षेत्रीय परिसरों के लिए हुई है। इस नई स्थिति के साथ आईआईएमसी अब डॉक्टरेट डिग्री सहित डिग्री प्रदान करने के लिए अधिकृत है।
संस्थान ने सोशल मीडिया ऐप एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली और इसके पांच क्षेत्रीय केंद्रों को विशिष्ट श्रेणी के तहत मानित विश्वविद्यालय घोषित करने के लिए यूजीसी को बहुत-बहुत धन्यवाद। आईआईएमसी जनसंचार में शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रतिबद्ध है।
आईआईएमसी को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा देने का विचार कोई नया नहीं है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 2016 में इस योजना को मंजूरी दी थी। 2018 में नीति आयोग द्वारा उच्च शिक्षा संस्थानों की समीक्षा के दौरान, यह सिफारिश की गई थी कि आईआईएमसी को या तो जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज या जामिया मिलिया इस्लामिया के एजेके मास कम्युनिकेशन रिसर्च सेंटर के साथ विलय कर दिया जाए। हालांकि, संस्थान, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय (तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्रालय) ने इस विचार को खारिज कर दिया था।