अंतरिक्ष विज्ञान अर्थात एस्ट्रोनॉमी ब्रह्मांड की खोज से जुड़ा विज्ञान है। इसमें पृथ्वी के वायुमंडल के बाहर होने वाली आकाशीय गतिविधियों और उनके निर्माण आदि से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में अध्ययन किया जाता है। खास बात यह है कि इस क्षेत्र को भविष्य में चुनौतीपूर्ण और रोजगार उन्मुख करियर विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत का अंतरिक्ष सफर काफी आगे निकल चुका है और शीर्ष देशों में हमारी गिनती हो रही है। 22 अक्तूबर, 2008 को पहले चंद्र मिशन के तहत भारत ने चंद्रयान-1 को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया था। भारत की अंतरिक्ष गतिविधियां दिन प्रतिदिन दिन बढ़ती जा रही हैं। यह क्षेत्र जितना रोचक है, उतनी ही मेहनत की भी मांग करता है।
संभावनाएं
आप स्पेस साइंस के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर सकते हैं, जैसे- खगोल भौतिकी, गैलैक्टिक साइंस, स्टेलर साइंस, रिमोट सेंसिंग, जलविज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, परग्रहीय जीवविज्ञान, एस्ट्रोनॉटिक्स, अंतिरक्ष नगरीकरण, जलवायु विज्ञान। इन सभी क्षेत्रों में अच्छी संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में अंतरिक्ष वैज्ञानिक के अलावा मौसम सेवाओं, पर्यावरण सिरानी, खगोल वैज्ञानिक अध्ययन के साथ भी जुड़ा जा सकता है।
- अंतरिक्ष के आकाशीय पिंडों से संबंधित तमाम पहलू अभी तक अनछुए हैं। इन पहलुओं पर रोशनी डालने के हो रहे प्रयास रोजगारों की संभावनाएं पैदा करते हैं।
- एस्ट्रोनॉमी में डिग्री हासिल करने वाले युवाओं के लिए नौकरी की तकरीबन गारंटी होती है। इस विषय के डिग्रीधारक सरकारी सेवाओं, निजी क्षेत्र, अध्यापन, रिसर्च या अंतरिक्ष वैज्ञानिक के रूप में न सिर्फ नौकरी पा सकते हैं, बल्कि कामयाबी का इतिहास भी लिख सकते हैं।
- एस्ट्रोनॉमी के पेशेवर उपकरण निर्माण के साथ-साथ डेटा विश्लेषण व कंप्यूटर विशेषज्ञता पर आधारित कई तरह के रोजगार पा सकते हैं।
- आप वाणिज्यिक और गैर वाणिज्यिक अनुसंधान, विकास एंव शोध प्रयोगशालाओं, वेधशालाओं, तारामंडल या साइंस पार्क समेत ऐसी अन्य जगहों पर भी नौकरी पा सकते हैं।
- अध्यापन एवं शोध में भी इस क्षेत्र में नौकरी की अपार संभावनाएं हैं।
उभरता क्षेत्र :आने वाले समय में इस क्षेत्र को संभावनाओं का भंडार माने जाने के कई कारण हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत को चीन और कनाडा के माइक्रो सैटेलाइट विकसित करने के बाद अंतरिक्ष युद्ध की बढ़ती संभावनाओं से निपटने के लिए बेहतर तकनीकी ईजाद करनी होंगी।
भविष्य में यही अंतरिक्ष तकनीक सुरक्षा की गारंटी बनेगी। भारत ने इसके विभिन्न पहलुओं मसलन दूरसंचार, मौसम विज्ञान संबंधी सेवाएं, जल संसाधन, खनिज एवं वातावरण निगरानी, टेलीविजन प्रसारण आदि में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
1 : इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी, तिरुवनंतपुरम
2 : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, बेंगलुरू
3 : इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स, पुणे
4 : रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट, बेंगलुरू
5 : टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, मुंबई
6 : उस्मानिया यूनिवर्सिटी, हैदराबाद
7: रेडियो एस्ट्रोनॉमी सेंटर, तमिलनाडु