गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसएचएसईबी) के लिए पंजीकृत 6.83 लाख से अधिक छात्रों के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया समाप्त होने वाली है। गुजरात बोर्ड कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सूत्रों के अनुसार, परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह तक घोषित किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले सभी राज्य बोर्डों को 31 जुलाई तक कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित करने के लिए कहा था, हालांकि यह संभावना जताई जा रही है कि गुजरात बोर्ड समय सीमा से पहले ही परिणाम घोषित कर देगा।
ऐसे तैयार होगा परिणाम
गुजरात बोर्ड कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के अंकों के आधार पर परिणाम घोषित करेगा। इसके लिए कक्षा 10वीं में प्राप्त कुल अंकों का 50 फीसदी, वहीं कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के इंटर्नल में छात्रों द्वारा प्राप्त अंकों में से प्रत्येक में 25 फीसदी अंकों को आधार बनाया जाएगा। बता दें कि परिणाम तैयार करने के लिए 11 सदस्यों की एक समिति द्वारा मूल्यांकन नीति को अंतिम रूप दिया गया था।