केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि स्कूली छात्रों का प्रशिक्षण उपलब्धि का आकलन करने के लिए नवंबर में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण करवाया जाएगा। एनसीईआरटी ने सरकारी और निजी स्कूलों के सभी छात्रों को इस सर्वेक्षण में शामिल होने को कहा है। इससे पहले 2017 और 2018 में भी ऐसा सर्वेक्षण किया गया था।
शिक्षामंत्री ने कहा कि 2017 में पहली, तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों का सर्वेक्षण किया था। जबकि 2018 में दसवीं कक्षा के छात्रों को शामिल गया गया था। इस सर्वे में कोरोना महामारी के चलते डेढ़ साल से शिक्षण संस्थान बंद होने से ऑनलाइन पढ़ाई का भी आकलन होगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई शिक्षा नीति (एनईपी) लागू होने के एक साल पूरे होने के अवसर पर 29 जुलाई को छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि एनईपी के कारण देश की स्कूली, उच्च, तकनीकी शिक्षा में जल्द बदलाव दिखेंगे।
प्रधान ने ट्वीट कर बताया कि एनईपी, शिक्षा के परिदृश्य को बदलने, उसे समग्र बनाने और आत्मनिर्भर भारत के लिए मजबूत नींव तैयार करने के लिए मार्गदर्शक विचार है। एनईपी के तहत एक साल में हुए सुधारों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी 29 जुलाई को देश को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री एनईपी के लागू होने के बाद की प्रगति पर चर्चा करेंगे साथ ही भविष्य की परियोजनाओं का खाका भी साझा करेंगे।
उन्होंने माना कि वैश्विक महामारी के चलते शिक्षण संस्थान बंद होने से शिक्षा प्रभावित हुई है। ऑनलाइन शिक्षा, उससे जुड़ी दिक्कतों, कौशल विकास, रोजगार आदि पर 15 अगस्त के बाद वे सभी राज्यों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक करेंगे। उन्होंने कहा, शिक्षा बेशक राज्यों का विषय है, लेकिन केंद्र उनकी दिक्कतों को दूर करने में मदद करेगा। इसमें शिक्षण संस्थानों के खोलने पर भी जानकारी ली जाएगी।