CUET UG 2024: देशभर के विश्वविद्यालय स्नातक दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी की मेरिट से सीट देने पर भरोसा जता रहे हैं। सीयूईटी यूजी 2024 की मेरिट से इस बार 261 विश्वविद्यालय दाखिला देंगे। इसमें दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, अंबेडकर यूनिवर्सिटी लखनऊ, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी अंबेडकर यूनिवर्सिटी दिल्ली, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, लवली यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी समेत अन्य सेंट्रल, स्टेट, डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी और प्राइवेट यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, देश के अधिकतर विश्वविद्यालय स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी की मेरिट पर भरोसा जता रहे हैं। इस साल 261 विश्वविद्यालयों ने स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी की मेरिट से सीट देने की घोषणा की है। जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों मे 191 विश्वविद्यालय जुड़ चुके हैं।
देश के दिग्गज समेत अन्य विश्वविद्यालयों के सीयूईटी यूजी और पीजी से सीट देने के कारण दूर-दराज व ग्रामीण इलाकों के छात्रों के पास एक राष्ट्रीय दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से सीट हासिल करने का बेहतरीन मौका है। अब छात्रों को घर बैठे एक आवेदन पत्र के माध्यम से अपने मनपसंद विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिले का मौका उपलब्ध है। इससे छात्रों का समय बचेगा। इसके अलावा अलग-अलग दाखिला प्रवेश परीक्षा से भी राहत मिली है।