हालांकि, अभी तक राज्य में 12वीं बोर्ड परीक्षा की संशोधित नई तिथियों को लेकर फैसला नहीं हो पाया है। उम्मीद है कि सीबीएसई बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा को लेकर किए जाने वाले किसी निर्णय के आधार पर ही राज्य बोर्ड भी कोई फैसला कर सकता है।
उधर, छत्तीसगढ़ स्टेट ओपन स्कूल ने 13 मई को कोविड-19 स्थिति और कई जिलों में लॉकडाउन के कारण कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं टाल दी हैं। हालांकि, ओपन स्कूल बोर्ड ने अभी तक नई तारीखों की घोषणा नहीं की है। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के छात्रों के लिए 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 मई से 15 जून, 2021 तक आयोजित होनी थी। फिलहाल, इन्हें टाल दिया गया है।
इससे पहले, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सूबे में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच कक्षा 10वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया था। जबकि, 12वीं बोर्ड की परीक्षा को स्थगित किया गया था। बाद में रद्द की गई 10वीं बोर्ड परीक्षा के संबंध में छात्रों के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया और मानदंड जारी कर दिए थे।
तब सीजीबीएसई ने आधिकारिक अधिसूचना में लिखा था कि नियमित छात्र जो कोविड-19 के कारण प्रायोगिक परीक्षाओं या प्रोजेक्ट मूल्यांकन परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें पास होने के लिए जरूरी न्यूनतम अंक प्रदान किए जाएंगे।