प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर कार सवार बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। चालक को बेहोशी की हालत में छोडक़र बदमाश भाग निकले। ट्रक लूट की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद घटना मऊआइमा थाना क्षेत्र में होने का दावा करती रही।
बस्ती से ट्रक लेकर बुधवार को दिलीप कुमार निवासी घूरपुर प्रयागराज निकला था। वह प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के रामफल इनारी के पास ट्रक खड़ा कर पेशाब करने लगा। इस बीच कार से पहुंचे चार बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया। वह कुछ समझ पाता। इससे पहले बदमाश चालक दिलीप को ट्रक में बैठाकर चल पड़े। ट्रक मानधाता थाना क्षेत्र से होते हुए जेठवारा सीमा में लेकर पहुंचे।
सराय आनादेव के आगे बदमाशों ने गुरूवार भोर में चालक दिलीप का हाथ पैर बांध बेहोशी की हालत में सडक़ किनारे फेंक दिया। सुबह दिलीप लोगों की मदद से पुलिस को ट्रक लूटने की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जेठवारा व नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि चालक मोहनगंज बाजार आ गया था।
उससे पूछताछ के बाद पुलिस लौट आई। नगर कोतवाल ने बताया कि ट्रक लूट की घटना मऊआइमा थाना क्षेत्र में हुई है। जिस स्थान पर चालक मिला है। वह जेठवारा थाना क्षेत्र में आता है।