Bihar Board होली के आसपास जारी हो सकते हैं परिणाम
बीएसईबी, बिहार की ओर से कक्षा 12वीं की परीक्षा के नतीजे इसी सप्ताह जारी किए जा सकते हैं। बोर्ड में पदस्थ उच्च स्तरीय सूत्रों ने बताया है कि बीएसईबी द्वारा कक्षा 12वीं के रिजल्ट होली के आसपास जारी कर दिए जाएंगे। चूंकि, 17 और 18 मार्च को होली दहन एवं धुलंडी का अवकाश है। वहीं, इसके बाद 19 व 20 मार्च को क्रमश: शनिवार और रविवार की छुट्टी का दिन है। ऐसे में ज्यादा संभावना यही है कि इंटर बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट 16 या 17 मार्च की तिथियों में घोषित कर दिए जाएं। यदि ऐसा नहीं हो पाता है या किसी तकनीकी कारणवश कोई देरी होती है तो परिणाम अगले सप्ताह में यानी 21 या 22 मार्च तक घोषित किए जा सकते हैं।
यहां देख सकेंगे बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं के परिणाम
बिहार विद्यालयी परीक्षा समिति यानी बीएसईबी के द्वारा बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं के परिणाम जारी किए जाने के बाद छात्र अपने नतीजे बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर देख सकेंगे। वेबसाइट के माध्यम से ही छात्र अपना डिजिटल स्कोर कार्ड भी देख सकेंगे। हालांकि, बिहार बोर्ड की ओर से परिणाम देखने के लिए एसएमएस और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। परिणाम की घोषणा संभवतया प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की जाएगी।
फरवरी में हुई थी बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं
बता दें कि बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं की परीक्षाएं फरवरी में हुई थीं और जिनकी मूल्यांकन प्रक्रिया आठ मार्च को ही पूरी कर ली गई थी। हालांकि, बीएसईबी के प्रवक्ता राजीव द्विवेदी का कहना है कि परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अभी जारी है और यह कहना जल्दबाजी होगी कि इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम कब घोषित किया जाएगा। बकौल द्विवेदी, रिजल्ट संबंधी प्रक्रिया खत्म हो जाने की पुष्टि होने के बाद परिणाम की तारीख को सूचित कर दी जाएगी।