बिहार विद्यालयी परीक्षा समिति के चेयरमैन आनंद किशोर ने बताया कि बिहार बोर्ड कंपार्टमेंट सह विशेष परीक्षा राज्य के 139 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 72,286 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें से 43,708 छात्र और 28,578 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा का आयोजन दो पारियों में किया जाएगा।
मैट्रिक विशेष परीक्षा में शामिल होंगे 4005 परीक्षार्थी
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इस वर्ष मैट्रिक विशेष परीक्षा में 4005 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। ये परीक्षार्थी सभी विषयों की परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि शेष 68,281 परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा भवन में प्रवेश कर लेना अनिवार्य है। देर से आने वाले परीक्षार्थी को उस बैठक की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन नियमों का करना होगा पालन
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम पारी के परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के समय सुबह 09ः30 बजे से 30 मिनट पूर्व अथार्त नौ बजे तक तथा द्वितीय पारी के परीक्षार्थी को दोपहर दो बजे से 30 मिनट पहले यानी 01ः30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद यानी विलंब से आने वाले परीक्षार्थी काे अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट घड़ी अथवा मैग्नेटिक घड़ी पहनकर आना सर्वथा वर्जित है, अन्यथा परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कंट्रोल रूम स्थापित किया गया
इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए समिति द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो दिनांक 09.05.2023 से 13.05.2023 तक सुबह 06 बजे से रात्रि 10 बजे तक कार्यरत रहेगा। परीक्षा संचालन के क्रम में किसी प्रकार की समस्या होने पर समिति के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर - 0612-2232227 अथवा 0612-2232257 पर संपर्क किया जा सकता है।