उच्च शिक्षा के नए संस्थान स्थापित करने का वादा
पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में नए उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने का वादा भी किया है। भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार, "पिछले दशक में 7 आईआईटी, 16 आईआईआईटी, 7 आईआईएम, 15 एम्स, 315 मेडिकल कॉलेज और 390 विश्वविद्यालय स्थापित हुए। पार्टी ने कहा, "इन संस्थानों को मजबूती देने और उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम फंडिंग, क्षमता निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर के उन्नयन और अनुसंधान अनुदान के माध्यम से मौजूदा संस्थानों का उन्नयन जारी रखेंगे।"
सुलभ शिक्षा के लिए टेक्नोलॉजी का करेंगे इस्तेमाल
पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि वे छात्रों को सुलभ शिक्षा दिलाने के लिए टेक्नोलॉजी का पूरा इस्तेमाल करेंगे। इसमें लिखा है -
"हम पीएम ई-विद्या के अंतर्गत स्वयं (SWAYAM), स्वयं प्रभा (SWAYAM PRABHA) और दीक्षा (DIKSHA) जैसी तकनीक आधारित शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करेंगे।"
"30% हमारी डिजिटल पहलों की सफलता को देखते हुए हम डिजिटल विश्वविद्यालय स्थापित करके निःशुल्क पाठ्यक्रमों के साथ कौशल उन्नयन के अवसर प्रदान करेंगे।"
युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार, पिछले दस वर्षों में एक मजबूत कौशल विकास इकोसिस्टम विकसित किया गया। इसमें आगे लिखा है, "हम नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप इसे और बढ़ाएंगे, साथ ही अपनी शिक्षा प्रणाली के साथ एकीकृत करेंगे। हम रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले अवसरों का विस्तार करने के लिए उद्योगों के साथ काम करते रहेंगे।"
इसके साथ ही, पार्टी ने एनईपी 2020 के अनुसार डायनामिक पाठ्यक्रम तैयार कर छात्रों को उच्च शिक्षा में उभरती तकनीकों में कौशल प्रदान करने का भी वादा किया है।