Bihar STET 2024 : बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET 2024) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया आज यानी 14 दिसंबर 2023 से शुरू कर दी है। बीएसईबी बिहार एसटीईटी परीक्षा के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र और शुल्क भुगतान करने की आखिरी तारीख 02 जनवरी 2024 तक है।
बीएसईबी बिहार एसटीईटी 2024 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु सीमा 21 से 37 वर्ष पुरुषों के लिए होनी चाहिए। जबकि महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु सीमा की गणना के लिए निर्णायक तिथि 01.08.2023 है। आयु में नियमानुसार छूट दी जाएगी। बिहार बोर्ड की तरफ से राज्य में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी शिक्षक नौकरी के लिए पात्रता प्राप्त करने के लिए एसटीईटी परीक्षा आयोजित की जा रही है।
एक पेपर के लिए आवेदन शुल्क जनरल / बीसी / ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 960 रुपये है, जबकि एससी/एसटी/पीएच के लिए 760 रुपये का भुगतान करना होगा। जबकि दोनों पेपर के लिए आवेदन शुल्क जनरल / बीसी / ईडब्ल्यूएस के लिए 1440 रुपये है, जबकि एससी/एसटी/पीएच के लिए आवेदन शुल्क 1140 रुपये है। परीक्षा शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन मोड डेबिट कार्ड / क्रेडिट कार्ड / नेट बैंकिंग के माध्यम से करना होगा।
बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2024 के पेपर-1 में हिंदी, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, बंगला, मैथिली,अरबी, फारसी, भोजपुरी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, शारिरिक शिक्षा, संगित, ललित कला, नृत्य विषय शामिल हैं।
पेपर-2 में उच्च माध्यमिक लेवल पर हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत, मगही, अरबी, फारसी, बंग्ला, मैथिली, भोजपुरी, पाली, प्राकृत, गणित, भौतिकी विज्ञान, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, गृहविज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, कृषि और संगित विषय शामिल हैं।