इंजीनियरिंग दाखिले की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेन) 2022 के दूसरे सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की खिड़की खुल गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की वेबसाइट पर इच्छुक उम्मीदवार 30 जून तक आवेदन पत्र भर सकते हैं।
जेईई मेन 2022 के दूसरे सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र 9 बजे और ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा की फीस का भुगतान रात 11.50 बजे तक कर सकेंगे। जेईई मेन 2022 के तहत दूसरे सत्र की परीक्षा 21 से 30 जुलाई को आयोजित होगी।
एनटीए की सीनियर डायरेक्टर एग्जाम डॉ. साधना पाराशर की ओर से विद्यार्थियों के नाम पब्लिक नोटिस जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा होगी। जिन अभ्यर्थियों ने जेईई मेन 2022 की सत्र-1 परीक्षा के लिए शुल्क का भुगतान किया हुआ है और जेईई मेन 2022 सत्र दो की परीक्षा के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सत्र एक में प्रदान की गई अपनी पिछली आवेदन संख्या और पासवर्ड के साथ लॉगइन करना होगा।
ऐसे अभ्यर्थियों को जेईई मेन 2022 सत्र दो की परीक्षा के लिए उन्हें केवल प्रश्नपत्र, परीक्षा का माध्यम और शहर चुनना व परीक्षा शुल्क भरना होगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया है, उन्हें दिए गए शेड्यूल के तहत नया आवेदन करना होगा। अभ्यर्थी ध्यान दें कि परीक्षा शहर, प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और परिणाम घोषणा की अंतिम तिथियों की अग्रिम सूचना, नियत समय पर जेईई मेन 2022 पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी।
ज्यादा जानकारी के लिए संपर्क करें
अधिक जानकारी के लिए छात्र-छात्राएं एनटीए वेबसाइट http://www.nta.ac.in/ पर लागॅइन करें। इसके अलावा परीक्षा संबंधित जानकारी के लिए सोमवार से शुक्रवार कार्यालय समय में 011-40759000 और 011 -69227700 नंबरों पर भी फोन कर सकते हैं।