कोरोना वायरस संक्रामक वैश्विक महामारी के कारण मार्च 2020 में लगाए गए लॉकडाउन में बंद हुए स्कूल अधिकतर राज्यों में अभी तक बंद हैं। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों के सीखने के स्तर पर पड़ा है। अभिभावक इसे लेकर बेहद चिंतित हैं। वे चाहते हैं कि यथासंभव स्कूल पुन: खोले जाएं, ताकि बच्चों की पढ़ाई अच्छे से दोबारा शुरू हो सके। इस संबंध में किए गए एक हालिया सर्वेक्षण में सामने आया कि देश में 69 प्रतिशत अभिभावक चाहते हैं कि आगामी अकादमिक सत्र से स्कूल दोबारा खोल दिए जाएं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लोकल सर्कल्स द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के अनुसार, अधिकतर अभिभावक चाहते हैं कि अब स्कूल दोबारा खोल दिए जाएं। यह सर्वेक्षण देशभर में 19,000 अभिभावकों के बीच करवाया गया था। इसके अनुसार, कम से कम 69 फीसदी अभिभावक अप्रैल 2021 से शुरू होने वाले नए अकादमिक सत्र के साथ ही स्कूल दोबारा खोले जाने के समर्थन में हैं।
यह भी पढ़ें : World Braille Day 2021 : वह शख्स जिसे दृष्टिबाधित मानते हैं मसीहा, 16 की उम्र में बना दी थी नई भाषा
सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2021 तक कोविड-19 महामारी के खिलाफ एक प्रभावी टीका उपलब्ध हो जाए तो भी केवल 26 प्रतिशत अभिभावक ही अपने बच्चों के टीकाकरण की अनुमति देने को तैयार हैं। लोकल सर्कल्स द्वारा कराए गए सर्वेक्षण के अनुसार, 69 प्रतिशत अभिभावकों ने कहा कि कोरोना संक्रमण के वर्तमान हालात को देखते हुए आने वाले नए अकादमिक सत्र के साथ ही देश में स्कूल दोबारा खोले जाने चाहिए।