हिमांशी ने अपनी मौत के लिए कुछ दोस्तों को जिम्मेदार ठहराया है। मंगलवार को एक दोस्त के मोबाइल से मिली चैट से इसका खुलासा हुआ है। अपने दोस्त से चैट करते हुए हिमांशी काफी हताश दिख रही है। वह अपने दोस्त आयुष और बाकी को मौत का लिए जिम्मेदार बताकर मरने की बात कर रही है। सारी चैट 24 जून को दोपहर 2.26 से लेकर 3.07 बजे के बीच हुई है।
इसके कुछ ही देर बाद हिमांशी ऑटो से सिग्नेचर ब्रिज पहुंच गई। वहां ऑटो से उतरने के बाद भी उसने किसी दोस्त से 10 मिनट तक फोन पर बात की। इसके बाद उसने यमुना में छलांग लगा दी। हिमांशी के परिजनों का आरोप है कि जिस लड़के आयुष को हिमांशी मौत का जिम्मेदार बता रही है, उसने ही परिवार को उसके चले जाने की सूचना दी। इसके बाद वह परिवार को लगातार गुमराह भी करता रहा। अब पुलिस आयुष व उसके बाकी दोस्तों से झगड़े की वजहों का पता लगा रही है। परिजनों का कहना है कि इनके उकसाने के बाद ही जिंदादिल हिमांशी ने मौत को गले लगा लिया।
हिमांशी की मां ने बताया कि 24 जून दोपहर 2.00 बजे घर पर उसका एक कोरियर आया था। उसे कॉल किया तो वह काफी हताश थी। उसने बात भी ठीक से नहीं की। इसके बाद शाम करीब 4.00 बजे आयुष ने उसके गुस्सा होकर चला जाने की जानकारी परिवार को दी थी। हिमांशी की मां ने बताया कि करीब एक साल पहले हिमांशी की दोस्ती आयुष से हुई थी। आयुष का उसके घर आना-जाना था।
हिमांशी विनय और शेखर नामक युवकों के साथ मिलकर मोटिवेशनल वीडियो बनाती थी। आयुष ने दोस्ती होने के बाद उसके साथ वीडियो बनाने की बात की थी, लेकिन हिमांशी इसके लिए तैयार नहीं थी। विनय और शेखर ने बताया है कि शूट के दौरान जब हिमांशी के पास आयुष का कॉल आता था तो वह साइड में जाकर बात करती थी। चैट में हिमांशी आयुष पर भड़कती हुई दिख रही है।
हिमांशी की चैट...
अपनी चैट में सचिन नामक दोस्त से बात करते हुए हिमांशी लिखती है कि सबको पता है मेरी तबीयत ठीक नहीं है, इसके बावजूद भी आप लोग इस तरह से बिहेव कर रहे हो। मुझे यह सब और देखा नहीं जा रहा। मेरा बैग घर ही भिजवा देना। अब मैं निकल रही हूं। यहां से भी। बहुत अच्छा कर रहे हो आप सब मिलकर। भैया मैं जा रही हूं। आज लास्ट टाइम था, जो मेरे किसी भी अपने ने मुझे देखा था और एम गोइंग टू क्वाइट माय लाइफ राइट नाउ ओन्ली। उसका जिम्मेदार आयुष है और आप सब लोग हो, जिस जिस ने मेरे साथ बदतमीजी करी है। आज की डेट में आयुष तो वैसे भी अपनी बहन के पीछे दुबक गया होगा अब तक, लेकिन बता देना उससे कि आज मर गई हिमांशी
परिवार ने जानकारी दी है कि 18 जून को हिमांशी ने आखिरी बार वीडियो शूट किया था। बता दें कि 24 जून को यू-ट्यूब पर मोटिवेशनल वीडियो बनाने वाली हिमांशी गांधी नामक युवती ने यमुना में कूदकर छलांग लगा दी थी। 25 जून को उसका शव कुदेशिया घाट पर यमुना नदी से मिला था।