नई दिल्ली। आदर्श नगर इलाके में बहन से मिलने से नाराज लड़की के भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि युवक की मौत पेट में अंदरूनी चोट लगने की वजह से हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लड़की के भाई समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें से तीन नाबालिग हैं। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने एक लड़की को लेकर झगड़ा होने की बात कही है। उनके मुताबिक लड़की के भाई को उनका मिलना जुलना और बात करना पसंद नहीं था। उसने कई बार राहुल को मना किया था। इस बात को लेकर उनके बीच झगड़ा भी हुआ था। हालांकि परिवार वालों ने इससे इनकार किया है। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से एक युवक के अचेत अवस्था में अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। युवक की पहचान मूलचंद कॉलोनी निवासी राहुल राजपूत के रूप में हुई। इलाज के दौरान ही राहुल की देर रात मौत हो गई।
पढ़ने के साथ बच्चों को पढ़ाता भी था
राहुल अपने पिता संजय, मां रेणुका और छोटी बहन के साथ रहता था। संजय रोहिणी सेक्टर-18 में टैक्सी स्टैंड चलाता है। संजय ने पुलिस को बताया कि राहुल प्राइवेट से सेकेंड ईयर की पढ़ाई करने के साथ साथ बच्चों को अंग्रेजी का ट्यूशन भी देता था।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
जांच में यह बात सामने आई है कि बुधवार रात राहुल के चाचा के लड़के गोलू के फोन पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उन्हें अपने बच्चे को ट्यूशन दिलाना है। इसलिए राहुल को बाहर भेज दें। राहुल किसी को बताए बिना घर से बाहर गली में आ गया। सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि बाहर मौजूद चार- पांच लोग उसे अपने साथ ले गए और गली नंदा रोड पर लात- घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद घायल राहुल किसी तरह से घर आता दिख रहा है।