नई दिल्ली। उन्नाव दुष्कर्म मामले में भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आप के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर कुलदीप सेंगर के पीछे भाजपा का राजनीतिक संरक्षण न होता, तो सीबीआई अब तक सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी होती।
लिहाजा सीबीआई किस बात का इंतजार कर रही है, यह समझ से परे है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की एजेंसियां राजनीतिक मामलों में जिस तेजी से सक्रिय होती हैं, वैसी तत्परता इस मामले में नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जब दिल्ली के मुख्यमंत्री को जमानत मिली थी, तब ईडी कोर्ट का लिखित आदेश आने से पहले ही हाईकोर्ट पहुंच गई थी और मौखिक आदेश के आधार पर जमानत पर स्टे लगवा दिया गया था। सौरभ भारद्वाज ने सवाल किया कि क्या वही सीबीआई उन्नाव दुष्कर्म मामले में ऐसा नहीं कर सकती थी? सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस रवैये को लेकर देशभर में नाराजगी बढ़ रही है और सोशल मीडिया पर लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। ब्यूरो