फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Report : पहाड़ों पर बारिश और बादल फटने से नदियों में उफान, दिल्ली में यमुना फिर बढ़ा सकती है मुश्किलें

Sun, 23 Jul 2023 06:33 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में पांच जगह बादल फट गए। इससे कई जगह सड़कें टूट गईं और हाईवे पर मलबेे से यातायात रुक गया है। हरियाणा-पंजाब में भारी बारिश से नदियां उफना गई हैं। हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को छोड़े 2.23 लाख क्यूसेक पानी से हिंडन व यमुना का जलस्तर और बढ़ना शुरू होगा।
विज्ञापन
पिथौरागढ़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर भारत में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में पांच जगह बादल फट गए। इससे कई जगह सड़कें टूट गईं और हाईवे पर मलबेे से यातायात रुक गया है। हरियाणा-पंजाब में भारी बारिश से नदियां उफना गई हैं। हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को छोड़े 2.23 लाख क्यूसेक पानी से हिंडन व यमुना का जलस्तर और बढ़ना शुरू होगा। यमुना का जलस्तर 205.75 मीटर दर्ज किया गया है।  इससे ग्रेटर नोएडा के कुछ सेक्टराें में पानी भरने और दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का खतरा व नागरिकों की मुश्किलेंं, दोनों बढ़ने लगी हैं।

विज्ञापन


उत्तराखंड के पुरोला में शुक्रवार देर रात बादल फटने से छाड़ा खड्ड, कमल नदी, माल गाड़ सहित कई गदेरे उफान पर आ गए। घरों में पानी और मलबा घुस गया। लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। नहरें, सड़क और पुल क्षतिग्रस्त हो गए। गाड़ियां व मोटर साइकिलें बह गईं। हिमाचल के शिमला व कुल्लू में बादल फटने से खासी तबाही हुई। शिमला के रोहड़ू में एक ढाबे में मौजूद दादा-दादी और पोते बह गए। जबकि कोटखाई में भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोग मारे गए। उधर, लेह और डोडा में भी बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं।  हिमाचल में बारिश से पंजाब में रावी, सतलुज, ब्यास व घग्गर का जलस्तर फिर बढ़ गया। हरियाणा के घग्गर में तेज बहाव से सिरसा में मल्लेवाला, चामल व बाजेकां गांव में तटबंध टूट गए।

उत्तराखंड...यमुनोत्री हाईवे समेत 299 सड़कें ठप
यमुनोत्री हाईवे समेत 299 सड़कें बंद हैं। केदारनाथ हाईवे पर भी कई जगह मलबा आया है, लेकिन भूस्खलन वाले क्षेत्रों में जेसीबी की मदद से हाईवे खोल दिया गया है। बीते 24 घंटों में 41.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 196 फीसदी अधिक है। रविवार को भी भारी बारिश का अनुमान है।
विज्ञापन


जम्मू-कश्मीर : चिनाब खतरे के निशान की ओर 
चिनाब का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। डोडा में चिराला तहसील का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। बादल फटने से लद्दाख के लेह में बाढ़ के हालात हैं। 

हिमाचल : रेणुका झील में पांच फुट बढ़ा पानी 
प्रदेश में 696 सड़कें बंद हैं। सिरमौर की ऐतिहासिक रेणुका झील का जलस्तर पांच फुट बढ़ गया, जिससे दुकानों व आश्रमों में पानी भर गया। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग वनवे कर दिया गया है। शिमला-किन्नौर और नाहन-शिमला एनएच ठप रहे। गगल व भुंतर हवाईअड्डे में हवाई सेवाएं बंद रहीं। 

उफनती नदी में फंसी बस
बिजनौर की कोटावली नदी में सुबह आठ बजे अचानक उफान से यूपी के रुपईडीहा (बहराइच) से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस फंस गई। इससे चालक व परिचालक समेत 43 यात्रियों की जान पर बन आई। बस को क्रेन से किसी तरह नदी में बहने से रोका गया और करीब तीन घंटे तक चले अभियान में जेसीबी से सवारियों को बाहर निकाला गया। 

पानी की निकासी के लिए दिल्ली सरकार तैयार
दिल्ली सरकार ने कहा है कि हथिनीकुंड बैराज से पानी दिल्ली पहुंचने पर यमुना खादर में बाढ़ आ सकती है। ऐसे में सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील इलाकों में तत्काल निकासी करने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। राहत शिविरों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने व अफसरों से सहयोग की अपील की है। 

  • गाजियाबाद में हिंडन नदी का पानी बढ़ने से करहेड़ा की नौ कॉलोनियां डूब गईं। इससे 800 से अधिक परिवारों को घर छोड़कर राहत शिविरों या दूसरे स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। बाढ़ में फंसे लोगों को 15 ट्रैक्टर की मदद से प्रशासन बाहर निकालने में जुटा हुआ है। 
  • हिंडन के बढ़ते जलस्तर को देख ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ने जिला प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है। डूब क्षेत्र तत्काल खाली कर लोगों से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की है। नदी में गाजियाबाद बैराज से सामान्य की अपेक्षा दोगुना पानी छोड़ा जा रहा है। 
  • एनसीआर समेत पश्चिमी यूपी में सोमवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 25 जुलाई को पश्चिमी यूपी में भारी बारिश हो सकती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें