फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम का हाल : दिल्ली-एनसीआर में आज साफ रहेगा मौसम, तापमान में गिरावट से अब रातें होंगी सर्द

Mon, 25 Oct 2021 03:30 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

आज साफ रहेगा मौसम, सुबह-शाम बढ़ेगा ठंड का अहसास।
विज्ञापन
अब तेजी से बदलेगा मौसम... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर में रविवार की शाम मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी हुई वहीं, ठंडक का एहसास भी बढ़ गया। अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। हालांकि, रात के पारे में कमी आने की वजह से रातें हल्की सर्द होना शुरू हो जाएंगी। 

विज्ञापन


मौसम विभाग ने एक दिन पहले रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि, शाम तक मौसम में हलचल नहीं दिखी और कड़ी धूप बनी रही। शाम पांच बजे के बाद मौसम ने करवट ली और दिन में ही अंधेरा छा गया। दिल्ली के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज हुई। शाम छह बजे शुरू हुआ तेज बारिश का दौर एक घंटे से भी अधिक तक चलता रहा और रात तक रूक-रूककर हल्की बारिश होती रही। इससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई। 

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 19 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 47 से 91 फीसदी रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। 
विज्ञापन


मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में दिल्ली का मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह से मौसम करवट लेना शुरू कर देगा और रात में हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगेगा। 

संतोषजनक श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा 
दिल्ली-एनसीआर की हवा रविवार को भी संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई है। बारिश होने की वजह से भी दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में अंतर आया है। इससे एक दिन पहले यह 173 दर्ज किया गया था। अगले 24 घंटे में हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। 

सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 735 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 की प्रदूषण में दो फीसदी हिस्सेदारी दर्ज की गई है। इस समय हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम की ओर बनी हुई है। इस वजह से पराली का धुआं दिल्ली की हवा में कम जहर घोल रहा है। अगले कुछ दिनों में हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम की ओर हो जाएगी। 

इससे दिल्ली में पराली का धुआं पहुंचेगा और हवा की गुणवत्ता बिगड़ेगी। दिल्ली में इस समय स्थानीय स्तर पर होने वाला प्रदूषण हवा की दशा के लिए जिम्मेदार बना हुआ है। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 152 व पीएम 2.5 का स्तर 68 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें