वैश्विक महामारी कोरोना के चलते डेढ़ साल से बंद शिक्षण संस्थानों को राज्यों ने खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि कई राज्यों में टीकाकरण की रफ्तार बेहद धीमी है। इसी को लेकर भारत सरकार की स्कूल शिक्षा सचिव अनिता करवाल और सभी राज्यों के सचिव व शिक्षा सचिव के साथ मंगलवार वर्चुअल बैठक आयोजित हुई।
इसमें सरकार ने राज्यों से आग्रह किया है कि वे सभी शिक्षकों को वैक्सीन लगाने का काम सितंबर से अक्तूबर तक पूरा कर लें। शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठï अधिकारी के मुताबिक, सभी स्कूलों से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलने से पहले शिक्षकों का टीकाकरण अभियान पूरा होना जरूरी है।
इसीलिए सभी राज्यों के शिक्षा सचिवों से आग्रह किया गया है कि जिन शिक्षकों को अभी तक टीके की एक डोज भी नहीं लगी है, उन्हें सितंबर तक लगाने का लक्ष्य पूरा करना होगा। जबकि जिन्हें एक डोज लग चुकी है, उन्हें अक्तूबर तक दूसरी डोज लगाने की प्रक्रिया पूरी करनी हागी।
स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर रोडमैप बनाए: अनिता करवाल
स्कूली शिक्षा सचिव अनिता करवाल ने राज्यों को शिक्षकों की वैक्सीन अभियान को सौ फीसदी करने के लिए रोडमैप बनाने का निर्देश दिया है। इसमें राज्यों के शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करना होगा।