जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक निलांश कंसारा परिवार के साथ कृष्णा नगर स्थित राजगढ़ कालोनी में रहते हैं। इनका अपना कारोबार है। रविवार रात को यह अपने किसी दोस्त के साथ कार से बाहर निकले थे। इस बीच मयूर विहार से पुश्ता रोड होते हुए वह गांधी नगर की ओर जा रहे थे।
अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास अचानक उनकी कार को यूपी नंबर की गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। निलांश कार से उतरे और कार चला रहे युवक को देखकर कार चलाने के लिए कहने लगे। इसी बीच नशे में धुत 24-25 साल की महिला कार से उतरा और निलांश के साथ अभद्र व्यवहार करने लगी। उसने कई बार निलांश की कार को टक्कर मारी।
विरोध करने पर आरोपी उसे मारने के लिए दौड़ी। बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा होने लगा तो निलांश के दोस्त ने मोबाइल से वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। महिला वीडियो में गंदी-गंदी गालियां देते हुए दिख रही है। इसके कार चला रहा आरोपी युवक भी कार से उतरा और कॉल कर निलांश से पुलिस बलाने के लिए कहने लगा। उसका कहना था कि पुलिस भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
करीब 45 मिनट चले बवाल के दौरान वहां पर यातायात पुलिस भी मौजूद रही। वह बजाए महिला को कंट्रोल करने के उल्टा निलांश पर ही नाराज होने लगे। उनका कहना था कि उसने ट्रैफिक जाम करवा दिया है। बाद में मंडावली थाना पुलिस वहां पहुंची और निलांश को थाने ले गई। वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि पुलिस कर्मियों ने बदसलूकी करने वाली महिला व उसके साथ मौजूद युवक को जाने दिया था।
बात बनती न देखकर निलांश वापस घर आ गया। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर घटना की वीडियो वायरल कर दी। वीडियो में आरोपियों के चेहरे और उनकी गाड़ी का नंबर साफ देखा जा सकता है। पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात रहे हैं।