उत्तम नगर इलाके में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए एक युवक ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर की थी ट्रांसपोर्टर की हत्या। पुलिस ने आरोपी को उसके नाबालिग दोस्त के साथ पकड़ लिया है। घटना के एक दिन पहले आरोपी का खाली प्लॉट में बैठने को लेकर ट्रांसपोर्टर से झगड़ा हुआ था। कहासुनी में ट्रांसपोर्ट से आरोपी को थप्पड़ मार दिया था।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान दीपक विहार निवासी अभिषेक शर्मा(18) के रूप में हुई है। जबकि उसका साथी 17 साल का है। 31 जनवरी की रात पुलिस को महरानी एंक्लेव में एक ट्रांसपोर्टर मनोज झा को चाकू मारने की जानकारी मिली।
अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि मनोज को मृत घोषित कर दिया गया है। पुलिस को मौके पर छानबीन के दौरान पता चला कि मनोज खाली प्लॉट में अलाव सेक रहा था। फोन आते ही वह बातचीत करते प्लॉट के अंदर गया, जहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया।
थाना प्रभारी राम किशोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की मदद से आरोपी अभिषेक और उसके नाबालिग सहयोगी को पकड़ लिया। पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि 30 जनवरी को वह अपने दोस्तों के साथ खाली प्लॉट में बैठा हुआ था।
वहां पहुंचे मनोज झा ने प्लॉट में बैठने का कारण पूछा। इस बात पर उनके बीच कहासुनी हो गयी। कहासुनी में मनोज ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस बात का बदला लेने के लिए वह अगले दिन रात में प्लॉट में दोबारा गया और मनोज के आते उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और मामे की छानबीन में जुटी है।