तिहाड़ के जेलों में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद जेलकर्मियों ने मंगलवार को एक कैदी को खुदकुशी करने से बचा लिया। सीसीटीवी कैमरे में कैदी को फांसी लगाता देख जेल कर्मचारी वहां पहुंचे और उसके गले से फंदा हटाया। कैदी को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
जेल अधिकारियों के मुताबिक यह घटना जेल नंबर सात में हुई। खुदकुशी का प्रयास करने वाला कैदी दहेज हत्या के मामले में एक माह पहले से अपने पिता और एक रिश्तेदार के साथ एक ही सेल में बंद है। मंगलवार सुबह पिता और रिश्तेदार के सेल से निकलने के बाद कैदी तौलिये का फंदा बनाकर पंखे से लटक गया।
सीसीटीवी की मदद और जेलकर्मी की सतर्कता ने बचाई जान
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करने वाला जेलकर्मी कैदी की हरकत देखकर तुरंत सेल में पहुंचा और उसके गले से फंदा हटाया। वह अचेत हो चुका था। इसलिए उसे तुरंत इलाज के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गहन चिकित्सा कक्ष में उसका इलाज चल रहा है। जेलकर्मी की सर्तकता से एक कैदी की जान बच गई। जेल अधिकारियों के मुताबिक सेल में मौजूद उसके पिता और रिश्तेदार पर निगरानी बढ़ा दी गई है।