पीडब्ल्यूडी ने बनाई परियोजना, जलभराव से भी मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न अंडरपास, सबवे और फ्लाईओवरों के नीचे अब रात के समय अंधेरे और जलभराव की समस्या से आम जनता को स्थायी राहत मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त रखने और जनसुरक्षा को पुख्ता करने के लिए व्यापक परियोजना तैयार कर ली है। परियोजना के तहत सड़कों और अंडरपास की सूरत बदलने के लिए आधुनिक एलईडी फ्लड और स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। गैर-मानसून महीनों में भी पंपों के सुचारु संचालन और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी की इस नई परियोजना के दायरे में पूर्वी दिल्ली के सबसे व्यस्त ट्रैफिक कॉरिडोर और संवेदनशील प्वॉइंट्स को शामिल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सीमापुरी अंडरपास, दिलशाद गार्डन अंडरपास, शास्त्री पार्क और लोनी रोड क्षेत्र के तमाम सबवे व अंडरपास इस व्यवस्था के केंद्र में होंगे। इसके अलावा शाहदरा फ्लाईओवर, सीलमपुर फ्लाईओवर, वेलकम फ्लाईओवर और जीटी रोड से जुड़े विभिन्न जंक्शनों के निचले हिस्सों को भी इसमें शामिल किया गया है।
तैनात होंगे गार्ड और पंप ऑपरेटर
इन तमाम समस्याओं से निपटने के लिए अब शाहदरा क्षेत्र के प्रमुख अंडरपास पर 24 घंटे के लिए पंप ऑपरेटर-सह-वाचमैन और नाइट शिफ्ट के सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। विभाग ने सख्त नियम बनाते हुए यह प्रावधान किया है कि यदि किसी भी अंडरपास से केबल, पंप या अन्य बिजली के उपकरण चोरी होते हैं या उनमें तोड़फोड़ की जाती है तो संबंधित एजेंसी को अपने खर्च पर 24 घंटे के भीतर उनकी भरपाई करनी होगी। लापरवाही मिलने पर ठेकेदार पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।