आरोपियों के पास से दो मोबाइल, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेक बुक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगने वाले साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक और हिसार में तीन दिन तक चली कार्रवाई के बाद दो आरोपियों नीरज (28) और अमन (24) को गिरफ्तार किया।
यह गिरोह एक अकाउंटेंट केवल कुमार को शेयर बाजार में अच्छे मुनाफे का झांसा देकर 3.31 लाख रुपये ठगने में शामिल था। शिकायतकर्ता को एक महिला ने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर खुद को म्यूचुअल फंड सलाहकार बताया और एप डाउनलोड करवाकर निवेश करने के लिए राजी किया। फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित से चार किश्तों में पैसे जमा करवाए गए। बाद में जब उन्होंने पैसा निकालना चाहा तो, एप ने अनुरोध ब्लॉक कर दिया और धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि पुलिस ने करीब 100 मोबाइल नंबर, आईपी लॉग और बैंक खातों के लेनदेन की जांच कर आरोपियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि नीरज अपने बैंक खाते को 2 फीसदी कमीशन पर उपलब्ध कराता था, जबकि अमन 4 फीसद कमीशन पर साइबर ठगों को खाते मुहैया कराता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेक बुक बरामद किए हैं। धोखाधड़ी से जुड़े कई खातों को फ्रीज कर अब तक 29,110 रुपये की राशि वापस पाई गई है।