छह से ज्यादा गोलियां चलाईं, कई गोलियां कार और पड़ोसी के मकान में लगीं
कोई हताहत नहीं, नेताजी सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पीतमपुरा में एक कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर बुधवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोलीबारी की। बदमाशों ने छह से ज्यादा गोलियां चलाईं, इनमें कई गोलियां कारोबारी की कार (डीएल2सी-ए2290) में लगीं। एक-दो गोलियां पड़ोसी के मकान में लगीं। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। उत्तर-पश्चिमी जिले की नेताजी सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार शाम तक किसी भी गैंगस्टर ने जिम्मेदारी नहीं ली।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, लोक विहार, ए-ब्लाॅक, पीतमपुरा में रहने वाले दुबई के कारोबारी साहिल जैन ने पीसीआर कॉल की थी। कारोबारी साहिल जैन के घर के बाहर खड़ी कार पर तीन गोलियों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक कारतूस और दो खोल बरामद किए गए हैं। अपराध जांच दल और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने कपड़े से चेहरा ढंक रखा था। उनमें से एक ने उतरकर कई गोलियां चलाईं और दोनों मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर स्पेशल सेल व अपराध शाखा की टीमें भी पहुंचीं। घटना के बाद जिले में नाकेबंदी कर दी गई।
2021 में लॉरेंस बिश्नोई ने दी थी धमकी
पुलिस लाॅरेंस व रोहित गोदारा दोनों गैंग की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि गोलीबारी के पीछे जबरन वसूली की कोशिश हो सकती है, हालांकि इसका सटीक मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, साहिल जैन को 2021 में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने फोन पर धमकी दी थी। इस संबंध में 2023 में पुलिस की स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया था। इस बातचीत की एक ऑडियो क्लिप बाद में वायरल हो गई थी। लाॅरेंस बिश्नोई ने कॉल पर धमकी देते हुए कहा था ‘तुझे और तेरे परिवार को कच्चा चबा जाऊंगा’।
साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
- आकांक्षा यादव, उत्तर-पश्चिम जिला उपायुक्त