नई दिल्ली। रोहिणी जिले की साइबर सेल ने इलाके में चल रहे दो फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा कर 46 महिलाओं और 7 पुरुष को गिरफ्तार किया है। यहां से छह कंप्यूटर, एक स्कैनर, पांच मॉडम, 86 मोबाइल फोन, दो रजिस्टर, ऑर्डर बुक रसीद, पार्सल और 119 ऑर्डर बुक मिली हैं। इन कॉल सेंटरों से नामी कंपनियों के मोबाइल सस्ती दर पर बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी की जाती थी।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि साइबर सेल इलाके में चल रहे फर्जी कॉल सेंटरों पर निगरानी रख रही थी। पूठकलां गांव में एक फर्जी कॉल सेंटर की सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारा। यहां मौजूद लड़कियां लोगों को फोन कर ठगी करने में जुटी थीं। रहे थे। पुलिस ने 26 लड़कियों और दो लडकों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के आधार पर मांगेराम पार्क अमन विहार में एक अन्य कॉल सेंटर पर छापा मारा गया। यहां से पुलिस ने 20 लड़कियों और दो मालिकों समेत पांच लड़कों को गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि आरोपी सस्ते दामों पर रेडमी और वीवो के फोन देने का झांसा देकर ठगी करते थे। वे इंटरनेट और जस्ट डायल से मोबाइल फोन का डाटा लेते थे। इसके बाद लोगों को फोन कर आकर्षक कीमत पर मोबाइल देने का झांसा देते थे। ये लोग यह ऑफर कम समय का ही होने का झांसा देकर वारदात को अंजाम देते थे। लालच में आकर लोग उनके खाते में पैसा जमा कर देते थे। इसके बाद वे उनका फोन उठाना बंद कर देते थे।