प्रदूषण से बचने के लिए जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी हरियाली की चादर ओढ़ने जा रही है। दिल्ली सरकार जुलाई से बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू करेगी। इसके तहत चालू वित्त वर्ष में 35.88 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सभी संबंधित विभागों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें वन विभाग, नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), रेलवे, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी), सीपीडब्ल्यूडी, डीएसआईआईडीसी, बीएसईएस व एनडीपीएल समेत 19 विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
गोपाल राय ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए उपायों के परिणामस्वरूप दिल्ली में हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) में काफी इजाफा हुआ है। इसी दिशा में दिल्ली सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 में पौधरोपण महाअभियान के तहत लगभग 35 लाख 38 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसे संबंधित 19 विभागों द्वारा पूरा किया जाएगा। अभियान के तहत विभागों द्वारा 29 लाख पौधे लगाए जाएंगे और करीब सात लाख पौधों का मुफ्त वितरण किया जाएगा। मई और जून के दौरान मिट्टी तैयार करना, गड्ढे खोदना , पौधों की सैपलिंग तैयार करना व मिट्टी में खाद डालने का काम करने जैसे अन्य महत्वपूर्ण काम किए जाएंगे।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि दिल्ली में साल 2013 में हरित क्षेत्र 20 फीसदी था। सरकार के प्रयासों के कारण 2021 में बढ़कर 23.06 फीसदी हो गया है। साथ ही, शहरों के प्रति व्यक्ति वन कवर के मामले में दिल्ली पूरे देश में नंबर वन पर है।
हरित हेल्पलाइन नंबर जारी
राय ने दिल्ली के सभी निवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। सभी आरडब्ल्यूए, गैर सरकारी संगठन और अन्य सभी संबंधित एजेंसी भी अभियान में सहभागिता करें। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने हरित हेल्पलाइन नंबर 1800118600 जारी किया है। इस पर कॉल कर महाअभियान के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
सभी विभागों की थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का निर्देश
दिल्ली में बीते वर्ष लगाए गए पौधों की जीवित दर को लेकर थर्ड पार्टी ऑडिट होगा। इसे लेकर मंत्री गोपाल राय ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है। यदि किसी विभाग ने अभी तक थर्ड पार्टी ऑडिट नहीं कराया है तो उसका ऑडिट महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ कांबेटिंग क्लाइमेट चेंज (एमजीआईसीसीसी ) से कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में पौधरोपण से संबंधित थर्ड पार्टी ऑडिट इसी इंस्टीट्यूट से कराए जाएंगे। गोपाल राय ने लोगों से अपील की है कि वह अपने उत्सव जैसे जन्मदिन व शादी की सालगिरह के अवसर पर पौधरोपण करें। इस अभियान से न केवल दिल्ली के हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी, बल्कि भविष्य में प्रदूषण की समस्या से लड़ने के लिए रोडमैप तैयार होगा।