दिल्ली महिला आयोग के अनुसार उसे सोमवार को 181 महिला हेल्पलाइन पर मसाज सेंटर के अंदर चल रहे सेक्स रैकेट और उसमें 27 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार के प्रयास के संबंध में शिकायत मिली।
दिल्ली महिला आयोग ने आजादपुर इलाके में एक स्पा और मसाज सेंटर के अंदर चलाए जा रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। आयोग की टीम ने दिल्ली पुलिस की मदद से सेंटर में से एक युवती को छुड़ाया। आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस और उत्तरी दिल्ली नगर निगम को नोटिस जारी किया है।
विज्ञापन
दिल्ली महिला आयोग के अनुसार उसे सोमवार को 181 महिला हेल्पलाइन पर मसाज सेंटर के अंदर चल रहे सेक्स रैकेट और उसमें 27 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार के प्रयास के संबंध में शिकायत मिली। इसके बाद उसकी टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ जाकर युवती को छुड़ाया। आयोग के अनुसार युवती ने उसकी टीम को बताया कि वह रोजगार की तलाश में आजादपुर स्थित नीतिका टावर में गेटवे मसाज सेंटर गई थी। वहां उसे कोई नशीला पदार्थ दिया गया और वह बेहोश होने लगी। इसके बाद उसे एक कमरे में ले जाया गया जहां एक युवक व युवती नग्न अवस्था में थे। उस कमरे में किसी ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी के साथ कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने गिरफ्तार आरोपियों और मसाज सेंटर से छुड़ाई गई युवतियों का भी ब्यौरा भी मांगा है। आयोग ने पुलिस और नगर निगम से पूछा है कि जहां सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था, उस परिसर को सील करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम से मसाज सेंटर को दिए गए लाइसेंस का विवरण और परिसर में अब तक किए गए निरीक्षणों का विवरण भी मांगा है।