टिप्स फिल्म्स की रिलीज फिल्म की 56 अवैध वेबसाइटों पर स्ट्रीमिंग रोकने का आदेश
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने टिप्स फिल्म्स लिमिटेड की नई रिलीज फिल्म 'मालिक' और 'सरबाला जी' की 56 अवैध वेबसाइटों पर स्ट्रीमिंग रोकने का आदेश दिया है। अदालत ने कॉपीराइट उल्लंघन के मुकदमे में अंतरिम निषेधाज्ञा पारित की। न्यायमूर्ति अमित बंसल की पीठ ने निर्देश दिया कि सभी सूचीबद्ध वेबसाइटों को उचित अनुमति के बिना वादी की किसी भी कॉपीराइट सामग्री की मेजबानी, स्ट्रीमिंग या वितरण करने से प्रतिबंधित किया जाए।
अदालत ने कहा कि शीघ्र कार्रवाई न करने पर टिप्स फिल्म्स के बौद्धिक संपदा अधिकारों को क्षति पहुंचेगी। अगली सुनवाई 17 नवम्बर को निर्धारित है। साथ ही, दलीलें और तामील 15 सितंबर तक पूरी हो जाएंगी। फिल्म कंपनी ने ऑनलाइन पायरेसी के आसन्न खतरे का हवाला देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। विशेष तौर पर तब जब मालिक का प्रीमियर 11 जुलाई को हुआ था और सरबाला जी 18 जुलाई को रिलीज होने वाली थी। ब्यूरो