नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने फर्जी वीजा के जरिये विदेश जाने की कोशिश कर रहे एक दंपति और उसकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है। अधिकारी इनसे पूछताछ कर रहे हैं।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार रात साढ़े ग्यारह बजे टर्मिनल तीन पर तीन यात्रियों को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा गया। शक होने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। यात्रियों की पहचान अश्वनी कुमार शंकर भाई पटेल, पत्नी सुधाबेन और बेटी सृष्टि के रूप में हुई। पूछताछ और जांच में पता चला कि तीनों सांताक्रूज, संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा करने वाले थे। उनके कागजात की जांच करने के दौरान पासपोर्ट पर चिपकाए गए कनाडाई वीजा जाली लगा। पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। सीआईएसएफ अधिकारियों ने कनाडा दूतावास के प्रतिनिधि से संपर्क किया। जिन्होंने वीजा जाली होने और उसे रद्द किए जाने की बात कही। उसके बाद तीनों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय के अधिकारियों को सौंप दिया गया।