नई दिल्ली। भजनपुरा इलाके में स्कूटी से अपने बड़े भाई अरमान के साथ बाजार जा रहा साढ़े तीन साल का मासूम अदनान प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे में अदनान की गर्दन कट गई। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। परिवार ने इस संबंध में फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी है।
घटना भजनपुरा थाना एरिया में विजय पार्क के पास हुई। अरमान ने बताया कि वह अपने भाई को स्कूटी पर आगे बैठाकर सब्जी खरीदने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह इलाके की एक गली में घुसा, तभी अचानक मांझा सामने आ गया, जिससे पहले उसका हाथ मामूली रूप से जख्मी हुआ। बाद में आगे बैठे अदनान की गर्दन मांझे की चपेट में आ गई। गली में स्कूटी की रफ्तार कम होने की वजह से स्कूटी तुरंत रोक दी। स्कूटी रुकने तक अदनान की गर्दन पर मांझे से गहरा घाव हो चुका था। उसकी गर्दन से खून बहने लगा। ब्यूरो