नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को कोरोना के 89 नए मरीज मिले और 11 की मौत हुई। यह इस साल के एक दिन में संक्रमण के सबसे कम मामले हैं। इससे पहले 16 फरवरी को 94 संक्रमित मिले थे। उसके बाद यह संख्या लगातार बढ़ रही थी। कोरोना के मामलों में कमी के साथ संक्रमण दर भी घटकर 0.16 फीसदी रह गई है यानी अब एक हजार जांच पर केवल एक संक्रमित मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 173 मरीज स्वस्थ हुए। कुल संक्रमितों की संख्या 14,32,381 हो गई है। इनमें से 14,05,460 स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक कुल 24,925 मौतें हुई हैं। मृत्युदर 1.74 प्रतिशत है। फिलहाल कोरोना के 1996 सक्रिय मामले हैं। इनमें से अस्पतालों में 1258 रोगी भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटरों में 77 और कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में 9 रोगी हैं। होम आइसोलेशन में 563 मरीजों का इलाज चल रहा है।
विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 57,128 जांच की गईं। यह आंकड़ा रोज की तुलना में करीब 20 हजार कम रहा। कुल जांच में आरटीपीसीआर से 45,468 और रैपिड एंटीजन से 11,660 टेस्ट हुए। अभी तक 2.8 करोड़ नमूनों की जांच हो चुकी हैं। दिल्ली ऐसा पहला राज्य है, जहां आबादी से ज्यादा टेस्ट किए जा चुके हैं। कम होते मामलों के साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या भी घटकर 4597 रह गई है।
12 मार्च के बाद पहली बार दो हजार से कम सक्रिय मामले
दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मरीज भी तेजी से कम हो रहे हैं। 12 मार्च के बाद पहली बार सक्रिय मामले दो हजार से कम हुए हैं। इससे पहले दूसरी लहर में यह संख्या 1 लाख के करीब पहुंच गई थी।