नई दिल्ली। अनलॉक-4 में बार खोलने की अनुमति दे दी गई है। सोमवार को पहले दिन बार में जहां जमकर लोगों ने जाम छलकाया, तो वहीं रेस्तरां में रात का खाना खाने वालों की भी कमी नहीं रही। वहीं अगले दिन के लिए टेबल बुक कराने वालों की संख्या भी अधिक रही। जिन्हें पहले दिन जाम छलकाने की सुविधा नहीं मिली, उन लोगों ने दूसरे दिन के लिए टेबल पहले से ही बुक करा लिया।
दिल्ली सरकार ने 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ बार खोलने की अनुमति दे दी है। साथ ही रात आठ बजे तक रेस्तरां खोलने की अवधि को बढ़ाकर रात 10 बजे कर दिया गया है। रेस्तरां पिछले सप्ताह रात 8 बजे तक ही खोलने की अनुमति की वजह से शाम 7 बजे से ही रेस्तरां बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जा रही थी, लेकिन रात 10 बजे तक अनुमति मिलने के पहले दिन रेस्तरां में खाने का लुत्फ लोगों ने पूरे परिवार के साथ लिया।
पीतमपुरा स्थित ग्रीन लाउंज बैक्वीट रेस्तरां के संजीव नागपाल का कहना था कि पहले दिन 75 प्रतिशत से अधिक सीटें फुल रहीं। जैसे-जैसे लोगों को पता चल रहा है, लोगों ने बार में आना शुरू कर दिया है। 50 प्रतिशत क्षमता के साथ बार में शराब परोसने की अनुमति है, लिहाजा बड़ी संख्या में लोग अन्य दिनों के लिए टेबल बुक करा रहे हैं। पूरे बार को अलग तरीके से सजाया गया है, ताकि सोशल डिस्टेंसिग का पालन हो सके। उम्मीद है कि आर्थिक रूप से टूटी कमर अब ठीक होगी।
यूनिटी मॉल के ग्रुप के अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि मॉल के भी सभी रेस्तरां व शराब परोसने वाले बार को पहले दिन कोविड प्रोटोकॉल के साथ खोला गया। जरूरत के अनुसार बार में शराब परोसी गई। सरोजनी नगर स्थित अमर ज्योति रेस्तरां के तनमीत सिंह अरोड़ा ने बताया कि रात 10 बजे तक रेस्तरां खोलने की अनुमति से लोगों में उत्साह दिखा।