भावनाओं से सराबोर हुआ पंडाल, मां दुर्गा की मूर्ति को सिंदूर अर्पित किया, एक दूसरे को लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दुर्गा पूजा के पंडालों में बृहस्पतिवार का दिन रंगों और भावनाओं से सराबोर रहा। विजयदशमी के अवसर पर महिलाओं ने मां दुर्गा के सामने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। लाल रंग में सजी-धजी महिलाएं जब मां के चरणों में आशीर्वाद मांगकर एक-दूसरे के माथे पर सिंदूर लगाती दिखीं, तो पूरा वातावरण भक्ति, आनंद और स्त्री शक्ति के उत्सव में बदल गया।
दिल्ली के कश्मीरी गेट, सीआर पार्क, कालीबाड़ी, आरामबाग और मिंटो रोड जैसे प्रमुख पंडालों में सिंदूर खेला का अनूठा नजारा देखने को मिला। सुबह मां की पूजा और अर्पण के बाद दोपहर में महिलाओं ने मां की प्रतिमा को सिंदूर अर्पित किया। एक-दूसरे को गालों, मांग और हाथों पर सिंदूर लगाकर शुभकामनाएं दीं।
पंडालों की एक झलक
कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली दुर्गा पूजा चैरिटेबल एंड कल्चरल समिति से स्मिता बनर्जी ने बताया कि सुबह से ही महिलाएं पंडाल में पहुंचने लगीं। मां की पूजा अर्चना और दर्पण विसर्जन के बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला शुरू किया। स्मिता ने बताया कि दिल्ली का सबसे पुराना पंडाल होने के कारण यहां सिंदूर खेला में तीन पीढ़ियों से एक ही परिवार की कई महिलाएं शामिल होती आ रहीं हैं। वहीं इस बार के सिंदूर खेला में दूर-दूर से आईं बहुत सी महिलाएं शामिल हुईं।
सीआर पार्क में महिलाएं लाल और सफेद साड़ियों में सजी हुईं थीं। ढाक की गूंज के बीच जब उन्होंने मां दुर्गा की मूर्ति को सिंदूर अर्पित किया और फिर हंसी-खुशी में एक-दूसरे को गालों पर सिंदूर लगाया, तो पूरा माहौल रंगों और उल्लास से भर उठा। आरामबाग में
भव्य पंडाल के बीच सिंदूर खेला के समय महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए और ढोलक की थाप पर झूम उठीं। कालीबाड़ी में
महिलाएं मां के चरणों में सिंदूर चढ़ाने के बाद एक-दूसरे को आशीर्वाद देतीं दिखीं। पहले सिंदूर खेला केवल विवाहित महिलाओं तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब इसकी परंपरा बदल रही है। दिल्ली के कई पंडालों में युवतियों और अविवाहित महिलाओं ने भी इस रस्म में भाग लेकर इसे सभी महिलाओं के उत्सव में बदल दिया। वहीं पंडालों में सिंदूर खेला के बाद ढाक की धुन पर महिलाओं ने नृत्य किया और भोग प्रसाद का वितरण हुआ। लाल रंग में रंगे इस दृश्य ने राजधानी में दुर्गा पूजा के उत्सव को और भव्य बना दिया।
श्रद्धालुओं की भावनाएं
सिंदूर खेला सिर्फ एक रस्म नहीं है, यह हमारी विरासत है। इसमें मां दुर्गा के आशीर्वाद के साथ-साथ एक-दूसरे को सुख-समृद्धि का संदेश देने की परंपरा है। -अर्पिता दत्ता, सीआर पार्क
जब हम एक-दूसरे को सिंदूर लगाते हैं, तो लगता है जैसे पूरा परिवार ही मां की छत्रछाया में आ गया हो। -रेणु मुखर्जी, लक्ष्मी नगर