स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में दिल्ली के नगर निगमों के प्रदर्शन में विरोधाभास दिख रहा है। दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) एक तरफ अपने श्रेणी में शीर्ष पर रहा है, जबकि तीनों निगम अपनी श्रेणियों में अंतिम दस में। 10 लाख से अधिक आबादी वाले 48 शहरों में दिल्ली के नगर निकाय अंतिम स्थानों पर जगह बना पाए हैं। पूरे वर्ष नगर निगमों की ओर से स्वच्छता को लेकर किए गए दावे व तमाम प्रयास स्वच्छता रैंकिंग में नाकाफी साबित हुए हैं।
पिछले वर्ष के मुकाबले दक्षिणी निगम अपने पायदान से नहीं हिली है, जबकि उत्तरी निगम की रैंकिंग में गिरावट दर्ज हुई है। पूर्वी निगम ने पिछले वर्ष के मुकाबले छह पायदान चढ़ रैंकिंग में सुधार किया है। इस वर्ष दक्षिणी निगम ने 31वां, पूर्वी निगम ने 40वां व उत्तरी निगम ने 45वां स्थान हासिल किया है। बीते वर्ष 47 शहरों की सूची में उत्तरी निगम ने 43, दक्षिणी निगम ने 31 व पूर्वी निगम ने 46 रैंक हासिल की थी।
तीसरे स्थान पर रहा दिल्ली कैंट बोर्ड
स्वच्छता रैंकिंग में एक से 10 लाख आबादी वाले शहरों की सूची में इस वर्ष दिल्ली कैंट ने 97वां स्थान हासिल किया है। वहीं, कैंटोनमेंट बोर्ड की श्रेणी में 62 कैंट में से दिल्ली कैंट ने तीसरा स्थान हासिल किया है। पहले स्थान पर अहमदाबाद व दूसरे स्थान पर मेरठ कैंट है।