फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योग से दिया कोरोना महामारी से लड़ने का संदेश

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोमवार को दिल्ली के सभी हिस्सों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘योग फॉर वेल बीइंग’ थीम के तहत लोदी गार्डन और लाल किला प्रांगण में सुबह सात बजे विशेष योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। अधिकतर लोगों ने घर पर ही योग कर कोरोना महामारी से लड़ने का संदेश दिया।
विज्ञापन

संस्कृति मंत्रालय ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश के 75 ऐतिहासिक स्थानों पर ‘योगा एन इंडियन हेरिटेज’ कार्यक्रम का आयोजन किया। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद सिंह पटेल और मंत्रालय के कुछ वरिष्ठ अफसरों ने लाल किले में योग किया। कोरोना प्रोटोकॉल के चलते उनके साथ संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों समेत 20 लोग ही शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, लेह के सांसद जामयांग सेरिंग नामग्या समेत अन्य ने भी इसी मंच से जुड़कर योगाभ्यास किया। इस मौके पर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन पद्धति है। इसका महत्व अब दुनिया समझ रही है और उसका लाभ भी ले रही है। कोरोना महामारी में योग पूरी दुनिया के लिए सुरक्षा कवच साबित हुआ है। उधर, गांधी स्मृति स्मारक परिसर, पश्चिमी दिल्ली में टैगोर गार्डन और दक्षिणी दिल्ली में सागरपुर में लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ योग किया।
आइए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं: केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से कहा कि आइए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हम सभी संकल्प लें कि योगा और मेडिटेशन को दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। उन्होंने कोरोना महामारी के इस मुश्किल वक्त में लोगों को अपने स्वास्थ्य का खयाल रखने के लिए कहा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने भी सुबह योग किया और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने कमेंट में लिखा कि ‘पहला सुख निरोगी काया’। उधर, सांसद मीनाक्षी लेखी ने महादेव रोड पर स्थित अपने आवास पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रवेश वर्मा ने पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन में एक पार्क के अंदर योग किया। कार्यक्रम में मंच पर उनकी पुत्री भी उपस्थित थीं।
विज्ञापन

प्रतिरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूती प्रदान करता है योग : बैजल
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। अंतररष्ट्रीय योग दिवस पर बधाई देते हुए बैजल ने कहा कि कोविड-19 के बीच योग का अधिक महत्व है और यह प्रतिरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूती प्रदान करता है। इसके नियमित अभ्यास के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रतिरक्षा को भी बढ़ा सकते हैं। बैजल ने ट्वीट में यह भी कहा कि आइए हम योग को अपने जीवन का दैनिक हिस्सा बनाएं।
महापौर ने स्थानीय लोगों के साथ किया योग
दिल्ली के तीनों महापौरों ने अपने-अपने क्षेत्र में योग कार्यक्रम का आयोजन किया। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर मुकेश सूर्यान ने सागरपुर में स्थानीय एमसीडी के पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन कराया था। डीडीए के सभी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के अंदर योग किया गया। भगवान दास मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय कैंपस में बने योग हॉल में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के दिल्ली में सभी क्षेत्रीय सांस्कृतिक और साहित्यिक केंद्रों जैसे कि रवीन्द्र भवन में स्थित साहित्य अकादमी, ललित कला अकादमी और संगीत नाटक अकादमी, सभी संग्रहालयों में वर्चुअल रूप से योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वर्चुअल योग से जुड़े 581 विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया। वर्चुअल माध्यम से निगम के 581 विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी भी इस कार्यक्रम से जुड़े और योगाभ्यास व प्राणायाम किया। इस मौके पर शिक्षा निदेशक प्रांजल पाटिल और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
उत्तर रेलवे ने योग दिवस का आयोजन किया
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से रेलवे कर्मियों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। दिल्ली के स्टेशनों पर दूरदर्शन पर चल रहे आयुष मंत्रालय के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रेल कर्मियों को योग को जीवन में अपनाने की शपथ दिलाई गई। उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स रोवर्स रेंजर्स और लीडर्स ने योग उत्सव मनाया। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने घर पर योग करते हुए इसके लिए रेल कर्मियों को प्रेरित किया। दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक एससी जैन ने कहा कि उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में स्वयं योग करते हैं।
योग से मनुष्य रहता है निरोग : योगाचार्य विवेक
नई दिल्ली। जीवन में योग को अपनाकर न केवल मनुष्य निरोग रह सकता है, बल्कि कोरोना जैसे रोगों से मुक्तिभी पा सकता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जैन मुनि एवं योगाचार्य विवेक ने यह बात कही। विवेक मुनि ने घेवरा स्थित आयुर्वेदिक कैंसर अस्पताल में आयोजित योग कार्यक्रम में आयुर्वेदाचार्य वैद्य तारा चंद शर्मा, प्रधान अतुल सिंघल, वैद्यराज भारत देव मुरारी, समाजसेवी सुरेश जैन, पंडित अनिल वत्स सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया। अस्पताल के प्रधान अतुल सिंघल ने कहा कि कोरोना से पीड़ित मरीजों ने योग और प्राणायाम करके स्वास्थ्य लाभ लिया है। सिंघल ने बताया कि कोरोना मरीजों पर योग और प्राणायाम के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए आयुर्वेदिक कैंसर अस्पताल परिसर में कोविड केयर सेंटर भी शुरू किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की सभी इकाइयों में विशेष योग सत्र का आयोजन
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न इकाइयों में तैनात अपने कर्मियों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया। दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने अपने घर पर दैनिक योग किया और पत्नी के साथ योग करते हुए फोटो को आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया। पुलिस आयुक्त ने अपने ट्वीट में लिखा कि मैने अपना दैनिक योग आज सुबह घर पर किया। मेरी पत्नी भी योग दिवस मनाने के लिए मेरे साथ शामिल हुईं। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिंघु बॉर्डर पर भी एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें सड़क पर ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स सहित अन्य इकाईयों के जवानों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें