बाजारों में जैकेट, स्वेटर, मफलर और रजाइयों की दुकानें सज चुकी हैं लेकिन बिक्री ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी में इस बार सर्दी की दस्तक कुछ देर से हो रही है। नवंबर की शुरुआत के बावजूद ठंड का असर अभी तक महसूस नहीं हुआ है। इसी कारण बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री पर भी असर पड़ा है।
सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, करोल बाग और जनपथ जैसे प्रमुख बाजारों में जैकेट, स्वेटर, मफलर और रजाइयों की दुकानें सज चुकी हैं लेकिन ग्राहक कम दिखाई दे रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक, आमतौर पर अक्तूबर के अंत तक गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो जाती है लेकिन इस बार मौसम में देरी के कारण ग्राहकों की भीड़ नहीं जुटी है। पटियाला और पानीपत से रोजाना बड़ी मात्रा में ऊनी कपड़े दिल्ली पहुंच रहे हैं पर बिक्री की रफ्तार धीमी है।
सरोजिनी मार्केट एसोसिएशन का कहना है कि हमने अक्तूबर के पहले हफ्ते में नया स्टॉक मंगवाया था लेकिन तापमान कम न होने से खरीदार नहीं आ रहे। पहले जहां रोजाना हजारों की बिक्री होती थी, अब सैकड़ों में सिमट गई है। व्यापारी अब उम्मीद कर रहे हैं कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से मौसम में बदलाव आएगा और इसके साथ ही ग्राहक भी बाजारों में लौटेंगे। शादी का सीजन शुरू होने से भी बिक्री में तेजी की संभावना जताई जा रही है। ग्राहकों का कहना है कि मौसम ठंडा न होने से अभी हल्के कपड़ों में ही सहज महसूस कर रहे हैं। प्रीत विहार निवासी आरती शर्मा कहती हैं कि हम हर साल दिवाली के बाद स्वेटर और जैकेट खरीदते हैं लेकिन इस बार इतनी गर्मी है कि अब तक जरूरत ही नहीं पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में तापमान में गिरावट नवंबर के मध्य तक आने की संभावना है।
वर्जन-
हमने अक्तूबर के पहले हफ्ते में नया स्टॉक मंगवाया था लेकिन तापमान कम न होने से खरीदार नहीं आ रहे। पहले जहां रोजाना हजारों की बिक्री होती थी, अब सैकड़ों में सिमट गई है। -अशोक रंधावा, अध्यक्ष, सरोजिनी मार्केट एसोसिएशन
बाजार में जैकेट, स्वेटर, मफलर और रजाइयों की दुकानें सज चुकी हैं लेकिन ग्राहक कम ही दिखाई दे रहे हैं। -मोहम्मद हयात, अध्यक्ष, जनपथ मार्केट एसोसिएशन